Russia Earthquake Tsunami Alert Update: कामचटका में 7.8 तीव्रता का भूकंप: तटों पर सुनामी की चेतावनी जारी
रूस के कामचटका के पूर्वी तट पर शुक्रवार सुबह 7.8 तीव्रता का जोरदार भूकंप आया। इसके बाद कम से कम 5 आफ्टरशॉक महसूस किए गए। जिनकी तीव्रता 5.8 मापी गई। भूकंप के तुरंत बाद तट पर 30 से 62 सेंटीमीटर ऊंची लहरें देखी गई और सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई।

कामचटका के गवर्नर व्लादिमीर सोलोदोव ने बताया कि सभी आपातकालीन सेवाएं हाई अलर्ट पर हैं, फिलहाल किसी भी प्रकार का नुकसान दर्ज नहीं हुआ है। गवर्नर ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि आपातकालीन टीमे प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी कर रही हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में घरों में फर्नीचर और लाइटें हिलती दिखाई दीं। झटके इतने तेज थे कि सड़कों पर खड़ी गाड़ियां भी हिलती नजर आईं। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की से 128 किलोमीटर दूर, जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई पर आया। रूस की स्टेट जियोफिजिकल सर्विस के अनुसार, भूकंप की तीव्रता बाद में घटकर 7.4 हो गई।
कुरिल द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में भी सुनामी की चेतावनी जारी की गई। अमेरिका की नेशनल वेदर सर्विस और पैसिफिक सुनामी चेतावनी केंद्र ने अलास्का के कुछ हिस्सों के लिए भी प्रारंभ में सुनामी की सलाह जारी की थी, जिसे बाद में हटा लिया गया।
इस साल 1200 से ज्यादा भूकंप दर्ज हुए
रूस का कामचटका इलाका, जो प्रशांत महासागर में ‘रिंग ऑफ फायर’ का हिस्सा है, इस साल भूकंपीय गतिविधियों का केंद्र रहा। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के आंकड़ों के अनुसार, इस साल यहां कुल 1,200 से अधिक भूकंप दर्ज किए गए हैं। इनमें से अधिकांश छोटे (मैग्नीट्यूड 2.0 से 4.0 के बीच) थे, लेकिन 4.0 या इससे ऊपर के 150 से ज्यादा भूकंप आए। इस क्षेत्र में 4 बड़े भूकंप 7.0 या उससे ज्यादा तीव्रता के दर्ज किए गए हैं। साल 2025 का सबसे विनाशकारी भूकंप 30 जुलाई को रूस के कामचटका में आया। जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 8.8 मापी गई। यह पिछले 10 वर्षों का सबसे बड़ा झटका था। इसने कई देशों को प्रभावित किया।
एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) ने बताया कि इस भूकंप का केंद्र इस क्षेत्र की राजधानी पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की से 128 किलोमीटर (80 मील) पूर्व में और 10 किलोमीटर (छह मील) की गहराई पर आया था। वहीं दूसरी तरफ रूस की सरकारी भूभौतिकीय विभाग की स्थानीय शाखा के अनुसार भूकंप की तीव्रता 7.4 थी। इसने कम से कम भूकंप के पांच झटकों की सूचना दी।
सुनामी की चेतावनी
क्षेत्रीय प्रशासन ने कामचटका प्रायद्वीप के पूर्वी तट के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है। कई तटीय क्षेत्रों में 0.5 मीटर से 1.5 मीटर ऊंची लहरें उठने का अनुमान है। अधिकारियों ने निवासियों से तटीय इलाकों से दूर रहने की अपील की है। रूस और जापान के बीच स्थित कुरील द्वीप समूह को भी सुनामी की निगरानी में रखा गया है। अमेरिकी प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र और राष्ट्रीय मौसम सेवा ने अलास्का के कुछ हिस्सों में चेतावनी जारी की है, जिसमें संभावित 3 मीटर तक ऊंची लहरों से अलर्ट रहने को कहा गया है।

