France Protest Update: फ्रांस में आर्थिक संकट के खिलाफ विरोध तेज़: 1 लाख से ज़्यादा लोग सड़कों पर, कई गिरफ्तारियां
पेरिस नेपाल के बाद अब फ्रांस में भी सरकार के खिलाफ जनता का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा है। बजट में कटौती और राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को पूरे फ्रांस में ज़बरदस्त प्रदर्शन हुए। देशभर में हुए इन विरोधों में करीब 1 लाख से ज्यादा लोग शामिल हुए। कई जगह प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़पें, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आईं।

स्थिति को संभालने के लिए सरकार ने 80 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। अब तक 200 से ज्यादा उपद्रवियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
बजट फ्रेमवर्क बना विरोध का कारण
फ्रांस के पूर्व प्रधानमंत्री बायरू ने जुलाई 2025 में 2026 के बजट फ्रेमवर्क का प्रस्ताव पेश किया था, जिसमें 44 अरब यूरो (करीब 4 लाख करोड़ रुपये) की बचत करने की योजना थी। उनका तर्क था कि फ्रांस का कर्ज अब देश की GDP का 113% तक पहुंच चुका है, जिसे कंट्रोल करना बेहद जरूरी है।
हालांकि, बजट में प्रस्तावित खर्चों में कटौती और सामाजिक योजनाओं की समीक्षा का वामपंथी दलों और ट्रेड यूनियनों ने कड़ा विरोध किया। उनका कहना है कि इससे आम जनता की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।
सरकार को संसद में विश्वास मत में हार
इसी बजट प्रस्ताव को लेकर संसद में विश्वास मत हुआ, जिसमें बायरू की सरकार अविश्वास प्रस्ताव में हार गई। इसके बाद प्रधानमंत्री बायरू ने इस्तीफा दे दिया। अब राष्ट्रपति मैक्रों को नया प्रधानमंत्री नियुक्त करना पड़ा।
पेरिस में 132 प्रदर्शनकारी गिरफ्तार
पेरिस पुलिस ने बताया कि अब तक वहां हुए प्रदर्शनों में 132 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। अब तक पूरे देश में 200 लोगों की गिरफ्तारी हुई है।विरोध प्रदर्शन कर रहे सीजीटी यूनियन ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि असली समस्या मैक्रों और उनके काम करने के तरीके की है। जब तक उनकी विदाई नहीं होती प्रदर्शन चलता रहेगा।
‘ब्लॉक एवरीथिंग’ मूवमेंट का आगाज
बुधवार से फ्रांस में ‘ब्लॉक एवरीथिंग’ (सब कुछ रोक दो) नाम से एक बड़ा जनआंदोलन शुरू हुआ है। देशभर के 30 से ज्यादा शहरों में प्रदर्शन हुए हैं। इस आंदोलन को वामपंथी पार्टी फ्रांस अनबाउंड (LFI) और अन्य संगठनों का समर्थन मिला है। साथ ही, फ्रांस के प्रमुख ट्रेड यूनियनों ने 18 सितंबर को एक और देशव्यापी प्रदर्शन की घोषणा की है, जो सरकार पर और दबाव बना सकता है।
फ्रांस में विरोध प्रदर्शन से जुड़ी तस्वीरें…




