RSMSSB 4th Grade Exam Update: जयपुर में चतुर्थ श्रेणी भर्ती परीक्षा आज से शुरू: सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
केन्द्राधीक्षक परीक्षा केन्द्र के गेट बंद होने से पांच मिनट पहले गेट पर आवश्यक रूप से पहुंचें। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के समय अभ्यर्थियों के पहचान पत्र की फोटो और एडमिट कार्ड पर लगी फोटो का चेहरा मिलना जरूरी है।

राजस्थान ग्रेड फोर्थ (चपरासी) भर्ती परीक्षा आज से शुरू हो गई है। 21 सितंबर तक रोज दो पारी में परीक्षा होगी। शुक्रवार को पहली पारी की परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू हुई। इसके लिए सुबह 8 बजे अभ्यर्थियों को एंट्री देना शुरू हुआ था। अभ्यर्थियों को मेटल डिटेक्टर से कड़ी चेकिंग के बाद परीक्षा केंद्र में एंट्री दी गई। जो महिला अभ्यर्थी कानों में बालियां पहनकर आईं, उन्हें बालियां उतारने को कहा गया।
हाथों पर बंधे और गले में पहने धागों (डोरे) को कैंची से काटा और तुड़वाया गया। अंगूठी भी खुलवाई गईं। सुबह 9 बजे परीक्षा केंद्रों पर एंट्री बंद कर दी गई। एंट्री बंद होने से कुछ मिनट पहले अभ्यर्थी दौड़ते हुए परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। वहीं, एंट्री का टाइम निकल जाने के बाद जो अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र पहुंचे, वे प्रवेश के लिए हाथ जोड़कर विनती करते दिखे।
परीक्षा के लिए राजस्थान के 38 जिलों में 1286 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें हर पारी में 4 लाख 11 हजार 843 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। जयपुर एडिशनल कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) डॉ. रामेश्वर सिंह ने बताया कि परीक्षा के दौरान शहर में लगभग 1.50 लाख अभ्यर्थियों की आवाजाही होगी। पूरे तीन दिन में करीब 4.50 लाख से अधिक अभ्यर्थी और उनके परिजन इस भर्ती परीक्षा में शामिल होंगे।

पुलिस और प्रशासन ने परीक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए हैं। शहर के सभी रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुख्य स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और चेकिंग के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
परीक्षा में नकल रोकने और डमी अभ्यर्थियों को पकड़ने के लिए पुलिस पूरी तरह सर्तक है। परीक्षा में गड़बड़ी को रोकने के लिए पुलिस की ओर से कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस की ओर से निगरानी रखने के लिए 39 फ्लाइंग स्क्वायड बनाए गए है। ये पूरी तरह से अन लीगल गतिविधियों पर निगरानी रखेगी। डमी कैंडिडेट पर निगरानी के साथ ही चीटिंग को लेकर भी पूरी तरह ध्यान रखा जाएगा। परीक्षा के पेपरों को कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है। पेपर को लाने ले जाने के लिए हथियारबंद जवान सुरक्षा में तैनात किए गए है। शहर की सड़कों पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के जवान यातायात व्यवस्था संभालेंने के साथ ही अभ्यर्थियों को उनके परीक्षा केंद्र की राह भी दिखाएंगे ।

किस जिले में कितने अभ्यर्थी देंगे परीक्षा……….
| क्रमांक | जिले का नाम | परीक्षा केंद्रों की संख्या | प्रति शिफ्ट कुल अभ्यर्थी |
|---|---|---|---|
| 1 | अजमेर | 60 | 17736 |
| 2 | अलवर | 72 | 20616 |
| 3 | बांसवाड़ा | 13 | 3912 |
| 4 | बारां | 23 | 5952 |
| 5 | बाड़मेर | 19 | 5016 |
| 6 | ब्यावर | 13 | 3954 |
| 7 | भरतपुर | 52 | 15144 |
| 8 | भीलवाड़ा | 21 | 6288 |
| 9 | बीकानेर | 55 | 18216 |
| 10 | बूँदी | 19 | 7008 |
| 11 | चूरू | 16 | 5088 |
| 12 | चित्तौड़गढ़ | 18 | 5016 |
| 13 | दौसा | 17 | 6000 |
| 14 | डीग | 18 | 4416 |
| 15 | धौलपुर | 11 | 3000 |
| 16 | डीड़वाना-कुचामन | 18 | 7008 |
| 17 | डूंगरपुर | 26 | 9000 |
| 18 | हनुमानगढ़ | 32 | 10512 |
| 19 | जयपुर | 204 | 74976 |
| 20 | जैसलमेर | 17 | 3691 |
| 21 | जालोर | 11 | 2592 |
| 22 | झालावाड़ | 20 | 5952 |
| 23 | झुंझुनूं | 36 | 12312 |
| 24 | जोधपुर | 95 | 29184 |
| 25 | करौली | 11 | 3792 |
| 26 | खैरथल-तिजारा | 8 | 2544 |
| 27 | कोटा | 63 | 18057 |
| 28 | कोटपूतली-बहरोड़ | 18 | 7632 |
| 29 | नागौर | 16 | 5112 |
| 30 | पाली | 18 | 6264 |
| 31 | प्रतापगढ़ | 18 | 5113 |
| 32 | राजसमंद | 21 | 6856 |
| 33 | सवाई माधोपुर | 29 | 8328 |
| 34 | सीकर | 18 | 5016 |
| 35 | सिरोही | 11 | 2952 |
| 36 | श्रीगंगानगर | 29 | 11328 |
| 37 | टोंक | 28 | 11040 |
| 38 | उदयपुर | 112 | 35220 |

