Nepal Protest Update: नेपाल में सोशल मीडिया बैन के खिलाफ हिंसा भड़की: अब तक 19 की मौत, कई मंत्रियों ने दिया इस्तीफा
काठमांडू, 10 सितंबर – नेपाल में सोशल मीडिया पर बैन लगाने को लेकर भड़का जनविरोध अब गंभीर राजनीतिक संकट का रूप लेता जा रहा है। सोमवार से शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन अब तक 19 लोगों की जान ले चुका है, और देशभर में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं।

मंगलवार को प्रदर्शनकारियों ने राजधानी काठमांडू में पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’, शेर बहादुर देउबा, पूर्व गृहमंत्री रमेश लेखक, और संचार मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग के आवासों पर तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाओं को अंजाम दिया। सुरक्षा बलों ने हालात पर काबू पाने के लिए कई स्थानों पर कर्फ्यू और इंटरनेट सेवाओं पर अस्थायी रोक लगाई है।
सरकार में दरार: इस्तीफों का दौर शुरू
सरकार पर दबाव बढ़ता जा रहा है। सोमवार को गृहमंत्री रमेश लेखक ने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद मंगलवार को कृषि मंत्री रामनाथ अधिकारी ने भी अपना इस्तीफा सौंप दिया।
काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारी ने अपने बयान में कहा: “प्रश्न पूछने वालों को चुप कराना लोकतंत्र नहीं है। यह मौलिक अधिकारों का हनन है।”
क्या है विरोध का कारण?
सरकार ने हाल ही में एक नए प्रस्तावित कानून के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स—जैसे फेसबुक, एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम, यूट्यूब आदि—पर “गंभीर निगरानी और संभावित प्रतिबंध” की बात कही थी। इसके तहत अनधिकृत या सरकार विरोधी पोस्ट करने वालों पर कड़ी कार्रवाई का प्रावधान रखा गया है। युवाओं और नागरिक समाज संगठनों ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बताया और इसके विरोध में सड़कों पर उतर आए।
इस बीच सरकार में इस्तीफे का सिलसिला शुरू हो गया है। अब तक 4 मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है। इनमें गृह मंत्री रमेश लेखक, कृषि मंत्री रामनाथ अधिकारी, स्वास्थ्य मंत्री प्रदीप पौडेल और जल आपूर्ति मंत्री प्रदीप यादव शामिल हैं।
भारी दबाव के बीच नेपाल में गठबंधन सरकार टूटने का खतरा बढ़ गया है। देश में जुलाई 2024 से 88 सीटें वाली शेर बहादुर देउबा की नेपाली कांग्रेस और 79 सीटें वाली केपी शर्मा ओली की CPN (UML) मिलकर सरकार चला रही है। अभी तक सभी इस्तीफे नेपाली कांग्रेस के नेताओं ने दिए हैं।
नेपाल के मामले को लेकर भारत की तरफ से भी आधिकारिक बयान सामने आया। जिसमें भारत ने कहा कि नेपाल के हालात पर भारत की नजर है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रदर्शन में युवाओं की मौत दुखद है। इन मुद्दों को शांतिपूर्ण बातचीत से हल किया जाना चाहिए।
पहले भी सोशल मीडिया ने बदली है सत्ता……………..
| वर्ष | देश | आंदोलन का नाम / कारण | सोशल मीडिया की भूमिका | परिणाम |
|---|---|---|---|---|
| 2010–11 | ट्यूनीशिया | जैस्मिन क्रांति – बेरोजगारी, भ्रष्टाचार | आंदोलन की शुरुआत Facebook और Twitter से | राष्ट्रपति ज़ीन अल-आबिदीन सत्ता से हटे |
| 2011 | मध्य-पूर्व (मित्र, लीबिया, यमन, सीरिया, बहरीन) | अरब स्प्रिंग – ट्यूनीशिया से प्रेरित | YouTube, Twitter, Facebook पर व्यापक प्रचार | लीबिया, यमन, मित्र में सत्ता परिवर्तन |
| 2019 | लेबनान | वाट्सऐप आंदोलन – कॉल टैक्स के विरोध में | WhatsApp और Twitter पर हैशटैग कैंपेन | सरकार को टैक्स योजना वापस लेनी पड़ी |
| 2022 | श्रीलंका | गो होम गोटा – आर्थिक संकट, महंगाई | #GoHomeGota ट्विटर पर ट्रेंड | राष्ट्रपति गोटाबाया ने इस्तीफा दिया |
| 2024 | बांग्लादेश | आरक्षण विरोध आंदोलन – छात्र आंदोलन | फेसबुक लाइव, X (ट्विटर) पर वीडियो वायरल | शेख हसीना को देश छोड़ना पड़ा |
| 2025 | इंडोनेशिया | भत्ता विरोध आंदोलन – सांसदों के खर्चों पर गुस्सा | TikTok, IG Reels, Twitter पर तेजी से फैला | हिंसक प्रदर्शन, सरकार बैकफुट पर आई |
दुनिया के किन देशो में सोशल मीडिया पर बैन लगा और क्यों?
| देश | प्रतिबंध कब | प्लेटफॉर्म्स | बैन का कारण | परिणाम |
|---|---|---|---|---|
| चीन | 2009 से अब तक | FB, X, IG, WA, YT, Google | राष्ट्रीय सुरक्षा, डेटा कंट्रोल | VPN का भारी उपयोग, लोकल ऐप्स का बढ़ावा |
| ईरान | 2009+ | FB, X, YT | विरोध आंदोलन, सेंसरशिप | मात, सरकार ने टूल्स को ब्लॉक किया |
| तुर्किये | 2014–2016 | X, YT, Wiki | सरकार विरोधी सामग्री | अस्थायी बैन, कोर्ट से हटवाना पड़ा |
| मिस्र | 2011 | FB, X, YT | अरब स्प्रिंग आंदोलन | सरकार गिरी, सोशल मीडिया का प्रभाव |
| म्यांमार | 2021 | FB, IG, X | सैन्य तख्तापलट के बाद विरोध | VPN का उपयोग जारी |
| पाकिस्तान | 2012–2021 | FB, IG, X | धार्मिक, अश्लीलता विरोध | फैसले वापस लेने पड़े |
| श्रीलंका | 2022 | FB, X, YT, WA | दंगे, आर्थिक संकट, विरोध | गुस्सा बढ़ा, जनता का आक्रोश |
| रूस | 2018–2022 | FB, X, YT | युद्ध प्रोपेगेंडा रोकने की कोशिश | लोकल एप्स को बढ़ावा, विरोध भी हुआ |




