Gold Price Today: सोना-चांदी के दाम 9 सितंबर को ऑल टाइम हाई पर: सोना ₹1,09,143 और चांदी ₹1,24,689 तक पहुंची कीमत
सोने-चांदी के दाम आज यानी 9 सितंबर को ऑल टाइम हाई पर पहुंच गए हैं। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार आज सोना 1,106 रुपए बढ़कर 1,09,143 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले सोना 1,08,037 रुपए पर था। वहीं, चांदी 276 रुपए बढ़कर 1,24,689 रुपए प्रति किलो हो गई है। इससे पहले इसकी कीमत 1,24,413 रुपए थी।

वहीं, इस महीने यानी सितंबर में ही सोना 6,755 रुपए महंगा हो चुका है। 31 अगस्त को ये 1,02,388 रुपए पर था। वहीं चांदी की कीमत इस दौरान 7,117 रुपए बढ़ी है। 31 अगस्त को ये 1,17,572 रुपए पर थी।
इस साल सोने और चांदी की कीमतों में ऐतिहासिक तेजी देखी गई है। साल 2025 की शुरुआत से अब तक 24 कैरेट सोना 32,981 रुपए प्रति 10 ग्राम (40%) महंगा हो चुका है। 31 दिसंबर 2024 को जहां सोना ₹76,162 प्रति 10 ग्राम था, वहीं अब यह ₹1,09,143 पर पहुंच गया है।इसी तरह चांदी की कीमत भी 38,672 रुपए (43%) बढ़कर ₹1,24,689 प्रति किलो तक पहुंच गई है। साल की शुरुआत में यह ₹86,017 प्रति किलो थी।
सोने की कीमत में बढ़ोतरी के 5 मुख्य कारण:
-
वैश्विक अनिश्चितता: अमेरिका के टैरिफ प्लान और व्यापार युद्ध के खतरे ने निवेशकों को सोने की ओर मोड़ा है।
-
केंद्रीय बैंकों की खरीदारी: चीन, रूस जैसे देश बड़ी मात्रा में सोना खरीद रहे हैं, जिससे मांग बढ़ रही है।
-
युद्ध और तनाव: रूस-यूक्रेन युद्ध जैसे हालात से उत्पन्न अस्थिरता ने सोने को सुरक्षित निवेश बना दिया है।
-
महंगाई और ब्याज दरें: दुनिया भर में बढ़ती महंगाई और कम ब्याज दरों के कारण सोने में निवेश आकर्षक बना हुआ है।
-
डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर: भारतीय रुपये में गिरावट के चलते आयातित सोना महंगा हो गया है।
सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें : हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। नए नियम के तहत एक अप्रैल से छह डिजिट वाले अल्फान्यूमेरिक हॉलमार्किंग के बिना सोना नहीं बिकेगा। जैसे आधार कार्ड पर 12 अंकों का कोड होता है, उसी तरह से सोने पर 6 अंकों का हॉलमार्क कोड होगा। इसे हॉलमार्क यूनीक आइडेंटिफिकेशन नंबर यानी HUID कहते हैं।
ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग के जरिए ये पता करना संभव हो गया है कि कोई सोना कितने कैरेट का है।

