Afghanistan Earthquake Update: अफगानिस्तान में 6.3 तीव्रता का भूकंप: 622 मौतें और 1500 से अधिक घायल
अफगानिस्तान में रविवार की आधी रात को 11:47 बजे (स्थानीय समयानुसार) 6.3 तीव्रता का भूकंप आया। इसमें अब तक 622 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1500 से ज्यादा लोग घायल हैं।

अफगानिस्तान में आए भूकंप में मरने वालों की संख्या 622 पर पहुंच गई है। वहीं 1300 से ज्यादा घायल लोगों को अस्पतालों में भर्ती किया गया है। अफगानिस्तान के तालिबान शासित गृह मंत्रालय ने बताया है कि कई इलाकों में भारी तबाही हुई है। अफगानिस्तान के नांगरहार और कुनार प्रांत में रविवार देर रात 6 की तीव्रता का भूकंप आया है। इसके बाद 4.5 से 5.2 के बीच की तीव्रता के तीन और झटके आए। भूकंप के झटके अफगानिस्तान की राजधानी काबुल और पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद तक महसूस किए गए। वहीं, भारत के गुरुग्राम में भी हल्के झटके महसूस किए गए।
जन स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता शराफत जमान ने बताया है कि कुनार में कई गांव पूरी तरह से तबाह हो गए हैं। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। जमान ने कहा कि कुनार, नंगरहार और राजधानी काबुल से चिकित्सा दल इलाके में पहुंच गए हैं। हालांकि सीमित संसाधनों की वजह से राहत कार्यों में मुश्किल आ रही है।
तालिबान प्रवक्ता ने कहा है कि कई इलाकों में हताहतों की संख्या अभी सही-सही पता नहीं चल पायी है। उन्होंने कहा कि जिस स्तर पर तबाही हुई है, उससे मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
भूकंप के बाद लैंडस्लाइड से सड़कें बंद, राहत कार्यों में बाधा
NYT की रिपोर्ट के अनुसार, सबसे ज्यादा मौतें पड़ोसी कुनार प्रांत में हुई हैं। सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया पर बताया कि भूकंप से देश के कुछ पूर्वी प्रांतों में गंभीर जान-माल का नुकसान हुआ है, लेकिन उन्होंने ज्यादा विवरण साझा नहीं किया। यह क्षेत्र पहाड़ी है और इन इलाकों तक पहुंचना बेहद मुश्किल है, जिससे बचाव और राहत कार्यों में समस्या हो रही है।
भूकंप के बाद यहां लैंडस्लाइड हुई, जिससे कई सड़कें बंद हो गई हैं। सरकार इन क्षेत्रों में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल कर रही है।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, 6.0 तीव्रता के भूकंप का केंद्र नंगरहार प्रांत के जलालाबाद शहर से 27 किलोमीटर दूर पूर्व-उत्तरपूर्व में था। भूकंप का केंद्र जमीन से आठ किलोमीटर की गहराई में था। कम गहराई वाले भूकंप ज्यादा नुकसान पहुंचाते हैं।
6.0 तीव्रता के भूकंप के बाद जलालाबाद और आसपास के कुछ इलाकों में सुबह तक 5 आफ्टरशॉक्स आ चुके हैं। भूकंप से प्रभावित हुए क्षेत्रों में अभी और आफ्टरशॉक्स आने की संभावना बनी हुई है।
2023 में 4 हजार लोग मारे गए थे
इससे पहले अफगानिस्तान में 7 अक्टूबर 2023 को विनाशकारी भूकंप आया था। तालिबान सरकार ने इस भूकंप में 4 हजार मौतों का दावा किया था, जबकि संयुक्त राष्ट्र ने 1500 मौतों की पुष्टि की थी।

