राजस्थान में गर्मी के बीच बदला मौसम, Jaipur समेत कई जिलों में आंधी-बारिश
Heatwave के बीच Rain Alert: राजस्थान के 10 जिलों में आंधी-बारिश, कई शहरों में पारा 45°C के करीब
राजस्थान में भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है। गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह से दोपहर तक तेज धूप और लू का असर देखने को मिला, लेकिन दोपहर बाद मौसम बदल गया और राजधानी Jaipur सहित कई जिलों में तेज आंधी और बारिश हुई। बारिश के चलते लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली, हालांकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में फिर से तेज गर्मी और हीटवेव का दौर लौटने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को राजस्थान के 10 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, तीन जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट और एक जिले में यलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग का कहना है कि 16 मई के बाद प्रदेश में एक बार फिर तापमान तेजी से बढ़ सकता है और अगले एक सप्ताह तक भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है।
45 डिग्री के करीब पहुंचा तापमान
पिछले 24 घंटे के दौरान राजस्थान के पश्चिमी जिलों में गर्मी का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। बाड़मेर और जैसलमेर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा फलोदी, जोधपुर और जैसलमेर के कई इलाकों में हीटवेव की स्थिति बनी रही।
पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, अजमेर और कोटा संभाग में भी तेज गर्मी और लू का असर रहा। दोपहर के समय सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम दिखाई दी और ज्यादातर लोग छांव की तलाश करते नजर आए।
Jaipur में बारिश से मिली राहत

राजधानी Jaipur में दिनभर तेज गर्मी का असर बना रहा। सुबह से शाम तक मौसम साफ रहा, हालांकि बीच-बीच में हल्के बादल छाने से धूप थोड़ी कमजोर पड़ी। गुरुवार को Jaipur का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ली और शहर में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी चली। इसके बाद शहर के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। बारिश के कारण तापमान में करीब 5 से 6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और पारा गिरकर लगभग 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने Jaipur में 15 मई के लिए भी आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
जोधपुर में भीषण गर्मी
जोधपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया गया। तेज गर्मी और लू के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गर्मी से राहत देने के लिए रक्षा मंत्री की सभा स्थल के आसपास पानी का छिड़काव किया गया। इस दौरान कुछ बच्चे भी पानी की फुहारों के नीचे खड़े होकर गर्मी से राहत लेते नजर आए।
कोटा और अजमेर में भी लू का असर
कोटा में सुबह 11 बजे के बाद से ही गर्म हवाएं चलने लगीं। शहर का अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भीषण गर्मी के चलते सड़क पर निकलने वाले लोग छांव ढूंढते नजर आए।
वहीं अजमेर में सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया। दोपहर में लू के थपेड़ों के कारण सड़कों पर सन्नाटा नजर आया। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। हवा में नमी कम होने के कारण गर्मी का असर और ज्यादा महसूस हुआ।
उदयपुर और अलवर में भी गर्मी का असर
उदयपुर में 14 मई को अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यहां लगातार गर्म हवाएं चल रही हैं।
अलवर में गुरुवार सुबह से बादल छाए रहे, लेकिन इसके बावजूद तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। लोगों को उमस और गर्मी दोनों का सामना करना पड़ा।
सीकर में बदला मौसम
सीकर जिले में सुबह से बादल छाए रहे और उमस बनी रही। शाम होते-होते मौसम पूरी तरह बदल गया और कई इलाकों में तेज आंधी के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। यहां न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि राजस्थान में अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। कहीं आंधी-बारिश तो कहीं भीषण गर्मी का असर देखने को मिलेगा। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
Read more : SIR का तीसरा चरण शुरू ,घर घर जाकर होगी वाटरलिस्ट की जाँच

