रणवीर सिंह की ‘Dhurandhar 2’ ने पाकिस्तान में मचाया धमाल
नेटफ्लिक्स सर्वर क्रैश होने का दावा
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म ‘Dhurandhar 2’ इस समय भारत ही नहीं बल्कि पाकिस्तान में भी जबरदस्त चर्चा में है। पाकिस्तान में नेटफ्लिक्स पर रिलीज होते ही ‘Dhurandhar 2’ सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगी। पाकिस्तानी कंटेंट क्रिएटर माविया उमर फारूकी ने दावा किया कि ‘Dhurandhar 2’ की रिलीज के बाद नेटफ्लिक्स का सर्वर तक प्रभावित हो गया और फिल्म पाकिस्तान में नंबर-1 ट्रेंडिंग मूवी बन गई। हालांकि नेटफ्लिक्स की ओर से सर्वर क्रैश होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

माविया उमर फारूकी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए बताया कि पाकिस्तान में लोग 15 मई की रात 12 बजे से ‘Dhurandhar 2’ का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही ‘Dhurandhar 2’ नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई, बड़ी संख्या में दर्शकों ने एकसाथ फिल्म देखना शुरू कर दिया। फारूकी के मुताबिक, फिल्म को लेकर लोगों में इतना उत्साह था कि प्लेटफॉर्म पर भारी ट्रैफिक देखने को मिला।
फारूकी ने यह भी कहा कि ‘Dhurandhar 2’ को लेकर पाकिस्तान में काफी बहस चल रही थी। कुछ लोग इसे प्रोपेगेंडा फिल्म बता रहे थे, लेकिन इसके बावजूद लोग ‘Dhurandhar 2’ देखने के लिए बेहद उत्साहित थे। दर्शक यह जानना चाहते थे कि फिल्म में कराची के ल्यारी इलाके को किस तरह दिखाया गया है और रणवीर सिंह ने अपने किरदार को कितनी मजबूती से निभाया है।

एक अन्य वीडियो में माविया उमर फारूकी ने दावा किया कि ‘Dhurandhar 2’ पाकिस्तान में नेटफ्लिक्स पर नंबर-1 पर ट्रेंड कर रही है। उनके अनुसार, ‘Dhurandhar 2’ को पिछले 24 घंटों में करीब 20 करोड़ व्यूज मिले हैं। हालांकि यह स्पष्ट किया गया कि व्यूज का मतलब अलग-अलग दर्शक नहीं होते। यदि कोई व्यक्ति ‘Dhurandhar 2’ को कई बार देखता है तो हर बार व्यू काउंट बढ़ जाता है।
‘Dhurandhar 2’ पाकिस्तान में 15 मई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी। इंटरनेशनल प्लेटफॉर्म पर फिल्म को ‘Dhurandhar: The Revenge (Raw & Unseen)’ नाम से स्ट्रीम किया गया। खास बात यह है कि पाकिस्तान में ‘Dhurandhar 2’ का 3 घंटे 52 मिनट लंबा अनकट वर्जन उपलब्ध कराया गया है। इस वर्जन में कुछ अतिरिक्त एक्शन सीन और रॉ फुटेज भी शामिल हैं, जिन्हें भारतीय थिएटर वर्जन से हटा दिया गया था।
फिलहाल ‘Dhurandhar 2’ पाकिस्तान और अन्य देशों में नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है, लेकिन भारत में यह फिल्म अभी नेटफ्लिक्स पर रिलीज नहीं हुई है। भारत में ‘Dhurandhar 2’ के डिजिटल राइट्स जियो-हॉटस्टार के पास हैं। स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने आधिकारिक पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि ‘Dhurandhar 2’ का डिजिटल प्रीमियर 4 जून को होगा और 5 जून से फिल्म स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध रहेगी।
बॉक्स ऑफिस पर भी ‘Dhurandhar 2’ शानदार प्रदर्शन कर रही है। ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार ‘Dhurandhar 2’ ने भारत में करीब 1145 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन कर लिया है, जबकि दुनियाभर में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन लगभग 1797 करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है। इसी के साथ ‘Dhurandhar 2’ भारत की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हो गई है।
फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी दमदार है। ‘Dhurandhar 2’ में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में नजर आए हैं। उनके अलावा संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, गौरव गेरा और राकेश बेदी जैसे कलाकारों ने भी अहम किरदार निभाए हैं। फिल्म के पहले पार्ट में अक्षय खन्ना ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

‘Dhurandhar 2’ का निर्देशन आदित्य धर ने किया है। फिल्म को ज्योति देशपांडे और आदित्य धर ने मिलकर जियो स्टूडियोज और B62 स्टूडियोज के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। सोशल मीडिया पर ‘Dhurandhar 2’ को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग फिल्म के एक्शन और रणवीर सिंह की एक्टिंग की तारीफ कर रहे हैं, जबकि कुछ दर्शक इसके कंटेंट को लेकर बहस कर रहे हैं।
अब सभी की नजर भारत में होने वाली OTT रिलीज पर टिकी है। माना जा रहा है कि जियो-हॉटस्टार पर रिलीज के बाद ‘Dhurandhar 2’ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी कई बड़े रिकॉर्ड बना सकती है।
Read more : SIR का तीसरा चरण शुरू ,घर घर जाकर होगी वाटरलिस्ट की जाँच

