Banswara updates : युवक की हत्या के बाद बांसवाड़ा के गांवों में बवाल, घरों में आगजनी, पुलिस पर पथराव का आरोप
बांसवाड़ा। बांसवाड़ा जिले के टामटिया और बस्सी आड़ा गांव में रविवार रात एक युवक की हत्या के बाद हालात बेकाबू हो गए। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कई घरों और वाहनों में आग लगा दी, जिससे इलाके में भारी तनाव फैल गया।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम को भी ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। सूत्रों के मुताबिक पुलिस पर पथराव किया गया, हालांकि पुलिस ने स्थिति को धीरे-धीरे नियंत्रण में लिया।
प्रेम-प्रसंग बना हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार हत्या का कारण प्रेम-प्रसंग से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है। दोनों पक्ष एक ही गांव के रहने वाले हैं और उनके बीच पहले से ही विवाद चल रहा था। रविवार रात आरोपी युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर लड़की के भाई पर हमला किया और कुल्हाड़ी से उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।
आगजनी और हिंसा से दहला गांव
हत्या की खबर फैलते ही मृतक पक्ष के लोगों में आक्रोश फैल गया। रात करीब 9 बजे भीड़ ने दूसरे पक्ष के 10 से अधिक घरों में आग लगा दी। घरों के बाहर खड़ी बाइकों को भी फूंक दिया गया। इस दौरान कई लोगों के साथ मारपीट की गई, जिससे कई ग्रामीण घायल हो गए।
पुलिस और प्रशासन पर भी हमला
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें गांव में प्रवेश करने से रोक दिया। इस दौरान पुलिस पर पथराव की भी खबर है। हालात को देखते हुए जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को भी गांव में प्रवेश नहीं करने दिया गया।
रातभर गांव के बाहर डटे रहे अधिकारी
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी देर रात तक गांव के बाहर ही डटे रहे। अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया है और फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
शांति बहाली के प्रयास जारी
प्रशासन ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

