
Pali updates : दोस्ती की मिसाल: एक दोस्त की मौत का सदमा नहीं सह पाए दूसरे, 12 घंटे में दोनों ने तोड़ा दम
पाली/बाली। पाली जिले के बाली क्षेत्र के भन्दर गांव से दोस्ती की मिसाल पेश करने वाली मार्मिक घटना सामने आई है। एक दोस्त की मौत की खबर सुनकर दूसरे दोस्त ने भी महज 12 घंटे के भीतर दम तोड़ दिया। दोनों की गहरी दोस्ती की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है।
जानकारी के अनुसार, भन्दर गांव निवासी 68 वर्षीय धनराज त्रिवेदी का रविवार सुबह करीब 4 बजे हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनके निधन की खबर जैसे ही गांव के ही 74 वर्षीय देवराज दवे को मिली, उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
साथ पढ़े, साथ किया व्यापार
गांव के उप सरपंच मुकेश दवे ने बताया कि धनराज त्रिवेदी और देवराज दवे बचपन से ही गहरे दोस्त थे। दोनों ने एक ही स्कूल में पढ़ाई की और बाद में मुंबई में लंबे समय तक साथ रहकर व्यापार किया। कोरोना काल के बाद दोनों अपने गांव लौट आए थे। दोनों परिवारों के बीच भी गहरा संबंध था और उनके घर भी एक-दूसरे के पास ही स्थित हैं।
गांव लौटते समय बिगड़ी तबीयत
बताया गया कि धनराज के निधन की सूचना मिलने के बाद देवराज नोवी गांव से भन्दर लौट रहे थे। रास्ते में ही उनकी तबीयत बिगड़ गई। घर पहुंचने के बाद परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मृत्यु हो गई।
एक ही दिन हुआ अंतिम संस्कार
परिजनों की इच्छा थी कि दोनों दोस्तों का अंतिम संस्कार एक साथ किया जाए। गर्मी के कारण शवों को सुरक्षित रखने के लिए डी-फ्रीजर की व्यवस्था की गई। सोमवार सुबह 7:30 बजे धनराज त्रिवेदी का अंतिम संस्कार किया गया, जबकि परिजनों के आने में देरी होने के कारण सुबह 11:30 बजे देवराज दवे का अंतिम संस्कार किया गया।
यह घटना पूरे क्षेत्र में भावुक कर देने वाली चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग दोनों दोस्तों की गहरी मित्रता को याद कर रहे हैं।

