Azam Khan Jail Release Update: 23 महीने बाद जेल से रिहा हुए आजम खान: रामपुर के लिए हुए रवाना
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान जेल से रिहा हो गए हैं। आजम खान ने मीडियाकर्मियों के किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया और मुस्कुराते हुए निकल गए। आजम खान सफेद रंग की गाड़ी से जेल से बाहर निकले।

सीतापुर/रामपुर समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान को 23 महीने बाद सीतापुर जेल से रिहा कर दिया गया। उन्होंने जेल परिसर से ही कार में बैठकर बाहर निकलते समय हाथ हिलाकर समर्थकों का अभिवादन किया। उनके दोनों बेटे अदीब और अब्दुल्ला आजम उन्हें लेने जेल पहुंचे थे। रिहाई के बाद आजम खान सीधे रामपुर रवाना हो गए।
सुबह होनी थी रिहाई, कोर्ट के जुर्माने ने डाला रोड़ा
आजम खान की रिहाई पहले सुबह 9 बजे तय थी, लेकिन अंतिम समय पर एक केस में ₹6,000 के जुर्माने के कारण रिहाई टल गई। यह मामला रामपुर की अदालत में लंबित था। उन्होंने यह जुर्माना जमा नहीं किया था, जिस कारण रिहाई प्रक्रिया को रोकना पड़ा।
सुबह 10 बजे जैसे ही कोर्ट खुली, उनके एक रिश्तेदार ने रामपुर कोर्ट में जुर्माना जमा किया। इसके बाद कोर्ट ने इसकी सूचना ईमेल के जरिए सीतापुर जेल को भेजी। तब जाकर दोपहर 12:30 बजे आजम खान की रिहाई की प्रक्रिया पूरी हुई।
धारा 144 का पालन, कार्यकर्ताओं की गाड़ियां जब्त
आजम खान को लेने के लिए मुरादाबाद की सांसद रुचि वीरा और 200 से ज्यादा समर्थक सीतापुर जेल पहुंचे थे। हालांकि, धारा 144 लागू होने के कारण पुलिस ने उन्हें जेल के पास जमा नहीं होने दिया।
जेल के बाहर खड़ी 25 गाड़ियों का नो पार्किंग में खड़ा होने के कारण चालान भी काटा गया। पुलिस प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती थी।
104 मुकदमों में जमानत, अब सभी मामलों में राहत
आजम खान के खिलाफ अब तक 104 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। पांच दिन पहले उन्हें बीयर बार कब्जा मामले में हाईकोर्ट से जमानत मिली थी, लेकिन इसके तुरंत बाद पुलिस ने शत्रु संपत्ति से जुड़े केस में नई धाराएं जोड़ दीं, जिससे उनकी रिहाई फिर अटक गई थी।
20 सितंबर को रामपुर कोर्ट ने इन नई धाराओं को खारिज कर दिया, जिससे उनकी रिहाई का रास्ता साफ हुआ। यह अंतिम मामला था जिसमें उन्हें जमानत मिलनी बाकी थी, और अब सभी मामलों में उन्हें अंतरिम राहत मिल चुकी है।
राजनीतिक गतिविधियों में वापसी संभव
आजम खान की रिहाई को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। माना जा रहा है कि अब उनकी राजनीतिक गतिविधियों में वापसी की संभावनाएं तेज होंगी। सपा के प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व से वे जल्द संपर्क कर सकते हैं। साथ ही रामपुर में उनके स्वागत के लिए समर्थकों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
दोपहर 12 बजे रिहा होंगे आजम खान
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की रिहाई का समय धीरे-धीरे नजदीक आता जा रहा है। बताया जा रहा है कि आजम खान करीब दोपहर 12 बजे रिहा हो सकते हैं। आजम खान के समर्थक भारी संख्या में जेल के बाहर मौजूद हैं। आजम खान साल 2023 के अक्टूबर महीने से जेल में बंद हैं।
बसपा में जाएंगे आजम खान?
जैसे-जैसे आजम खान की रिहाई का वक्त नजदीक आ रहा है। वैसे-वैसे आजम खान की सियासी चाल को लेकर अटकलें भी लगाई जा रही हैं। संभावना जताई जा रही है कि साइकिल का साथ छोड़कर आजम खान हाथी की सवारी कर सकते हैं। यानी कि बसपा में शामिल हो सकते हैं। वहीं बसपा विधायक उमाशंकर सिंह ने कहा कि आजम खान का पार्टी में स्वागत है।

