Haryana Airport Hisar Jaipur Flight Start Today Update: हिसार एयरपोर्ट से जयपुर के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू: हर शुक्रवार को चलेगी फ्लाइट
हरियाणा के हिसार एयरपोर्ट से जयपुर के लिए सीधी हवाई सेवा की शुरुआत शुक्रवार को हो रही है। इस फ्लाइट का शुभारंभ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वर्चुअल माध्यम से करेंगे। यह उड़ान हर शुक्रवार शाम 5:35 बजे हिसार से उड़ान भरेगी और शाम 6:40 बजे जयपुर पहुंचेगी।

एलायंस एयर द्वारा संचालित इस फ्लाइट का किराया टैक्स सहित लगभग ₹2300 रुपये होगा, जबकि सीट बुकिंग का चार्ज अलग से लिया जाएगा।
सड़क से 5 घंटे, अब हवाई सफर सिर्फ 1 घंटे में
हिसार और जयपुर के बीच सड़क से दूरी करीब 350 किलोमीटर है, जिसे तय करने में करीब 5 घंटे लगते हैं। ट्रेन से यह यात्रा और लंबी हो जाती है। लेकिन फ्लाइट सेवा शुरू होने के बाद यह सफर अब महज एक घंटे में पूरा हो सकेगा। जयपुर के अस्पतालों में इलाज और व्यापारिक कार्यों के लिए बड़ी संख्या में लोग हिसार से यात्रा करते हैं, जिन्हें इस सेवा से राहत मिलेगी।
डीजीसीए की आपत्ति के बाद वर्चुअल उद्घाटन
9 जून को हिसार-चंडीगढ़ फ्लाइट के उद्घाटन के दौरान सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर डीजीसीए (DGCA) ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद एयरपोर्ट पर किसी भी VIP को बिना टिकट प्रवेश की अनुमति नहीं देने के निर्देश जारी किए गए। सुरक्षा कारणों से ही इस बार फ्लाइट का उद्घाटन वर्चुअली किया जा रहा है।
जयपुर के बाद अब जम्मू और कोलकाता की तैयारी
सिविल एविएशन मंत्री विपुल गोयल ने जानकारी दी है कि जयपुर के बाद जल्द ही जम्मू और कोलकाता के लिए भी फ्लाइट सेवा शुरू की जाएगी। इससे पहले हिसार से दिल्ली, अयोध्या और चंडीगढ़ के लिए उड़ानें शुरू हो चुकी हैं।
एक साल पहले की गई थी घोषणा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक साल पहले हिसार से पांच शहरों – चंडीगढ़, अयोध्या, अहमदाबाद, जयपुर और जम्मू – के लिए उड़ान सेवाएं शुरू करने की घोषणा की थी। सरकार और एलायंस एयर एविएशन लिमिटेड के बीच एक एमओयू पर हस्ताक्षर भी किए गए थे।
सात वर्षों में 8 बार हो चुका है हिसार एयरपोर्ट का उद्घाटन/शिलान्यास
| तारीख | घटना |
|---|---|
| 15 अगस्त 2018 | CM मनोहर लाल ने एयरपोर्ट का उद्घाटन किया |
| सितंबर 2019 | ‘उड़ान’ योजना के तहत एयर शटल सेवा शुरू, 7 माह में बंद |
| 2019 | एयरपोर्ट पर 33 केवी सब-स्टेशन का शिलान्यास |
| 27 अक्टूबर 2020 | रनवे विस्तार कार्य का शिलान्यास |
| 11 सितंबर 2023 | ATC रूम और टर्मिनल की आधारशिला (दुष्यंत चौटाला) |
| 20 जून 2024 | 10,000 फीट रनवे सहित कई परियोजनाओं का उद्घाटन (नायब सैनी) |
14 अप्रैल 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिसार से अयोध्या और दिल्ली की फ्लाइट का शुभारंभ किया। नई टर्मिनल बिल्डिंग का भी शिलान्यास किया।
9 जून 2025: मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हिसार से चंडीगढ़ विमान सेवा का शुभारंभ किया।

