UP Ausaneshwar Mahadev Temple Tragedy: औसानेश्वर महादेव मंदिर में भगदड़: करंट फैलने से दो श्रद्धालुओं की मौत, 29 घायल
सावन के तीसरे सोमवार को दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ औसानेश्वर महादेव मंदिर में एक बड़ा हादसा बन गई। रविवार देर रात करीब 2:30 बजे मंदिर परिसर में करंट फैलने के कारण भगदड़ मच गई।

जिसमें अब तक दो श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है और 29 लोग घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने जानकारी दी कि मंदिर परिसर के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन पर कुछ बंदरों के कूदने से तार टूटकर मंदिर के टिन शेड पर गिर गया, जिससे पूरे परिसर में करंट फैल गया। उसी समय जलाभिषेक के लिए हजारों श्रद्धालु कतार में खड़े थे। करंट लगने से प्रशांत कुमार (16) और रमेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
योगी सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए देने का ऐलान किया है। औसानेश्वर मंदिर जिला मुख्यालय से 40 किमी दूर है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के वक्त लाइन में करीब 3 हजार लोग दर्शन के लिए लगे हुए थे।
मुख्यमंत्री कार्यालय के सोशल मीडिया अकाउंट के अनुसार, श्री आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन को त्वरित बचाव और राहत कार्य चलाने का निर्देश दिया है।
CMO अवधेश यादव ने बताया- हादसे के बाद पुलिसकर्मी एंबुलेंस से 29 लोगों को हैदरगढ़ सीएचसी लेकर आए। 9 को त्रिवेदीगंज और 6 को कोठी सीएचसी भेजा गया। 5 गंभीर घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। अब तक दो की मौत हुई है।
बता दें, रविवार सुबह हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में भी भगदड़ मच गई थी। इसमें 8 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।

