PM Dhan Dhanya Krishi Yojana: किसानों के लिए बड़ी सौगात: मोदी कैबिनेट ने ‘पीएम धन-धान्य कृषि योजना’ को दी मंजूरी, हर साल 24 हजार करोड़ खर्च होंगे
मोदी सरकार ने किसानों को बड़ी सौगात दी है। कैबिनेट बैठक में ‘पीएम धन धान्य कृषि योजना’ को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत हर साल 24 हजार करोड़ रुपये से 100 जिलों में कृषि सुधार होगा। योजना का मकसद कृषि उत्पादकता में इजाफा करना, फसल विविधीकरण और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज केंद्रीय कैबिनेट की बैठक हुई। इसमें 3 अहम फैसले लिए गए हैं। किसानों को बड़ी सौगात देते हुए कैबिनेट ने ‘प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना’ को मंजूरी दी है। इस योजना को 11 मंत्रालयों की 36 योजनाओं को मिलाकर 24,000 करोड़ रुपये प्रति वर्ष के परिव्यय के साथ पूरा किया जाएगा। इससे देश के 1.7 करोड़ किसानों को फायदा पहुंचेगा। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ये जानकारी दी है।
कैबिनेट बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि ‘पीएम धन-धान्य योजना’ का मकसद कृषि उत्पादकता में वृद्धि, फसल विविधीकरण और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना, कटाई के बाद भंडारण क्षमता में वृद्धि, सिंचाई सुविधाओं में सुधार और ऋण की उपलब्धता को सुगम बनाना है
पीएम धन धान्य कृषि योजना’ की खास बातें
- 100 जिलों को कृषि जिलों के तौर पर विकसित किया जाएगा।
- 100 जिले (हर राज्य से कम से एक जिला) जो कृषि के पैमाने पर पीछे होगा। उसको विकसित किया जाएगा।
- 11 मंत्रालयों की 36 योजनाओं को यहां समेकित तौर पर लागू किया जाएगा।
- ये 6 साल का कार्यक्रम है।
- हर साल 24000 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है।
- इससे सिंचाई सुविधाओं का विकास करना और कृषि उत्पादकता को बढ़ाना है।
- फसल की कटाई के बाद स्टोरेज और क्रेडिट की उपलब्धता को बढ़ाना है।
क्या है पीएम धन धान्य कृषि योजना?
यह योजना खासतौर पर छोटे और सीमांत किसानों के लिए शुरू की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य खेती में नई टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल बढ़ाना। किसानों को एक ही फसल पर निर्भर रहने की बजाय फसल विविधीकरण (Crop Diversification) के लिए प्रोत्साहित करना, जलवायु के अनुसार खेती को बढ़ावा देना। गांव स्तर पर भंडारण, सिंचाई और कृषि कर्ज की सुविधाओं को मजबूत बनाना और लागत घटाकर किसान की पैदावार बढ़ाना है जिससे उनकी आय में सुधार हो सके।
कृषि में क्रांति लाने की तैयारी
पीएम धन धान्य कृषि योजना से उम्मीद है कि यह देश में कृषि क्षेत्र में एक नई क्रांति लाएगी। टेक्नोलॉजी, विविधीकरण, और स्थानीय जरूरतों के अनुसार योजनाओं को लागू कर किसानों की आय को बढ़ाया जाएगा।