Jaipur Airport Schedule: खराब मौसम के चलते दिल्ली में लैंडिंग में विफल: मुंबई-दिल्ली एयर इंडिया फ्लाइट की जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग
मुंबई से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट को सोमवार रात इमरजेंसी में जयपुर एयरपोर्ट पर लैंड कराना पड़ा। पायलट द्वारा दिल्ली एयरपोर्ट पर कई बार लैंडिंग की कोशिश करने के बावजूद जब सफलता नहीं मिली, तो एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट कर दिया। फ्लाइट ने रात करीब 8:30 बजे जयपुर में सुरक्षित लैंडिंग की और देर रात तक एयरपोर्ट पर खड़ी रही।

जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2687 शाम 4 बजे मुंबई से रवाना हुई थी और निर्धारित समयानुसार 6:30 बजे दिल्ली पहुंचना था। लेकिन दिल्ली पहुंचने के बाद खराब मौसम या तकनीकी कारणों से लैंडिंग संभव नहीं हो पाई। पायलट ने लगभग चार से पांच बार लैंडिंग का प्रयास किया, लेकिन सभी प्रयास विफल रहे।
लगभग 45 मिनट तक हवा में चक्कर लगाने के बाद फ्लाइट को जयपुर एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट किया गया, जहां यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग करवाई गई। हालांकि, लैंडिंग में देरी के कारण यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।
जयपुर-दुबई फ्लाइट में तकनीकी खराबी, उड़ान रद्द
इससे पहले कल सुबह भी जयपुर से दुबई जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट में भी तकनीकी खराबी सामने आई थी। यह फ्लाइट सुबह टेक-ऑफ से ठीक पहले रनवे पर थी, जब कॉकपिट में तकनीकी गड़बड़ी का पता चला। पायलट ने तुरंत निर्णय लेते हुए फ्लाइट को एप्रन पर वापस लाकर खड़ा किया। इस फ्लाइट में 130 यात्री सवार थे। इंजीनियरों ने करीब 5 घंटे तक तकनीकी खराबी को ठीक करने का प्रयास किया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। आखिरकार यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फ्लाइट को रद्द कर दिया गया।