Flight Delay: जयपुर से दुबई जाने वाली फ्लाइट कैंसिल: इंदौर और जम्मू रूट पर भी विमान लौटे वापस
देश की एयरलाइंस की फ्लाइट्स में तकनीकी खराबियों और उड़ान रद्द होने का सिलसिला लगातार जारी है। सोमवार को एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो की तीन फ्लाइट्स में तकनीकी खामी सामने आई, वहीं रविवार को भी एयर इंडिया की एक फ्लाइट को पक्षी टकराने के बाद रद्द करना पड़ा।

सोमवार को एयर इंडिया एक्सप्रेस की जयपुर-दुबई फ्लाइट टेक ऑफ से ठीक पहले तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। उड़ान भरने से पहले कॉकपिट में खराबी की सूचना के बाद पायलट ने फ्लाइट को रनवे से वापस एप्रन (विमान पार्किंग एरिया) में लाकर खड़ा कर दिया। इस फ्लाइट में करीब 130 यात्री सवार थे। तकनीकी टीम ने करीब 5 घंटे तक विमान को ठीक करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंततः फ्लाइट को रद्द करना पड़ा।
दिल्ली-जम्मू-श्रीनगर फ्लाइट ने जम्मू में लैंड नहीं किया, लौट आई दिल्ली
एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-2564, जो दिल्ली से जम्मू होते हुए श्रीनगर जा रही थी, बिना जम्मू में लैंडिंग किए वापस दिल्ली लौट आई। अधिकारियों के मुताबिक, मौसम साफ था और रनवे भी दुरुस्त था, लेकिन पायलट को उपयुक्त लैंडिंग पॉइंट नहीं मिला। इस कारण फ्लाइट ने लैंडिंग नहीं की और दिल्ली लौट आई।
इंदौर से भुवनेश्वर जाने वाली इंडिगो फ्लाइट रनवे से लौटी
सोमवार को इंदौर से भुवनेश्वर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-6332 (एयरबस A320 नियो विमान) में रनवे पर ही तकनीकी खराबी आ गई। विमान में 80 से अधिक यात्री सवार थे। तकनीकी समस्या की जानकारी मिलने पर विमान को बीच रनवे से वापस एप्रन पर लाया गया। इंदौर एयरपोर्ट टर्मिनल मैनेजर ने बताया कि यह एक माइनर टेक्निकल फॉल्ट था। जांच और सुधार के बाद फ्लाइट को ढाई घंटे की देरी से रवाना किया गया। इस दौरान सभी यात्री विमान में ही मौजूद रहे।