PM Narendra Modi Cyprus Visit Update: साइप्रस का सर्वोच्च सम्मान पीएम मोदी को मिला: कहा- यह 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साइप्रस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III’ से नवाजा गया है। यह सम्मान उन्हें साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने प्रदान किया।

यह सम्मान साइप्रस के पहले राष्ट्रपति आर्कबिशप मकारियोस तृतीय के नाम पर रखा गया है और इसे देश की ओर से सर्वोच्च नाइटहुड उपाधि के रूप में दिया जाता है।
सम्मान स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, यह सिर्फ नरेंद्र मोदी का नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। यह सम्मान भारत की संस्कृति, भाईचारे और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की विचारधारा का प्रतीक है। मैं इस पुरस्कार को भारत और साइप्रस के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों, साझा मूल्यों और आपसी समझ को समर्पित करता हूं।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि यह पुरस्कार शांति, सुरक्षा, संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और लोगों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत और साइप्रस के बीच सहयोग आने वाले समय में नई ऊंचाइयों को छुएगा।
किन-किन देशों से मिल चुका है पीएम मोदी को सम्मान?
क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर उनके नेतृत्व के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 2014 से अब तक 20 से ज्यादा देशों के सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कारों समेत संयुक्त राष्ट्र का सर्वोच्च पर्यावरण पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है।
अफगानिस्तान और फलस्तीन से भी हो चुके हैं सम्मानित
पीएम मोदी को साल 2016 में अफगानिस्तान द्वारा स्टेट ऑर्डर ऑफ गाजी अमीर अमानुल्लाह खान, फरवरी 2018 में फिलिस्तीन द्वारा ग्रैंड कॉलर ऑफ द स्टेट ऑफ फिलिस्तीन, अक्तूबर 2018 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा यूएन चैंपियन ऑफ द अर्थ अवार्ड दिया गया था। वहीं, अप्रैल 2019 में यूएई द्वारा ऑर्डर ऑफ जायद और अप्रैल 2019 में ही रूस द्वारा ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू अवार्ड से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा पीएम मोदी को जून 2019 में मालदीव से ऑर्डर ऑफ द डिस्टिंग्विश्ड रूल ऑफ इज़ुद्दीन, अगस्त 2019 में बहरीन द्वारा किंग हमाद ऑर्डर ऑफ द रेनेसां, दिसंबर 2020 में अमेरिका द्वारा लीजन ऑफ मेरिट, दिसंबर 2021 में भूटान द्वारा ऑर्डर ऑफ द ड्रैगन किंग और इस साल मई में फिजी द्वारा ऑर्डर ऑफ फिजी और पापुआ न्यू गिनी द्वारा ऑर्डर ऑफ लोगोहू से सम्मानित किया गया था।
मिस्र ने भी पीएम को दिया सर्वोच्च राजकीय सम्मान
वहीं, जून 2023 में मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘ऑर्डर ऑफ द नाइल’ पुरस्कार से सम्मानित किया था। यह मिस्र का सर्वोच्च राजकीय सम्मान है। मई 2023 में पापुआ न्यू गिनी द्वारा कंपेनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ लोगोहू, मई 2023 में कंपेनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ फिजी, मई 2023 में पलाऊ गणराज्य द्वारा एबाकल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
पुरस्कार देने में फ्रांस और रूस ने भी नहीं छोड़ी है कोई कसर
जुलाई 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फ्रांस ने लीजन ऑफ ऑनर से सम्मानित किया था। यह फ्रांस का सर्वोच्च सम्मान है। पीएम मोदी यह सम्मान पाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। प्रधानमंत्री मोदी को रूस के सर्वोच्च सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्र्यू एपोस्टल’ से सम्मानित किया गया था।