Gold Price: सोना पहुंचा ऑल टाइम हाई पर: चांदी में भी बड़ी तेजी
आज सोने की कीमत ने नया रिकॉर्ड बना लिया है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट सोना ₹1,715 बढ़कर ₹99,170 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड 21 अप्रैल को बना था जब सोना ₹99,100 पर था।

वहीं चांदी की कीमत भी ₹742 की बढ़त के साथ ₹1,06,240 प्रति किलो हो गई है। 10 जून को चांदी ₹1,07,000 प्रति किलो का ऑल टाइम हाई बना चुकी है।
इस साल अब तक ₹23,000 महंगा हो चुका है सोना
1 जनवरी 2025 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना ₹76,162 था, जो अब ₹99,170 हो चुका है — यानी अब तक ₹23,008 की बढ़त।
इसी तरह, चांदी की कीमत ₹86,017 से बढ़कर ₹1,06,240 हो गई है — यानी ₹20,223 की तेजी। 2024 में पूरे साल भर में सोना ₹12,810 महंगा हुआ था। जबकि 2025 के शुरुआती 6 महीनों में ही यह आंकड़ा लगभग दोगुना हो चुका है।
1 लाख 3 हजार तक जा सकता है सोना — विशेषज्ञ
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया के मुताबिक, वैश्विक स्तर पर जारी भू-राजनीतिक तनाव (Geo-political tensions) के चलते गोल्ड को सपोर्ट मिल रहा है। डिमांड बढ़ने से इस साल सोना ₹1,03,000 प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है। वहीं चांदी की इंडस्ट्रियल डिमांड बढ़ने के आसार हैं। अनुमान है कि यह ₹1,30,000 प्रति किलो तक पहुंच सकती है।
सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें
हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। सोने पर 6 अंकों का हॉलमार्क कोड रहता है। इसे हॉलमार्क यूनीक आइडेंटिफिकेशन नंबर यानी HUID कहते हैं। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह होता है- AZ4524। हॉलमार्किंग के जरिए ये पता करना संभव है कि कोई सोना कितने कैरेट का है।