Ahmedabad Plane Crash Update: अहमदाबाद विमान हादसे में बालोतरा की खुशबू समेत राजस्थान के 11 यात्री लापता: परिवारों में पसरा मातम
अहमदाबाद में लंदन जा रहे एयर इंडिया के बोइंग विमान के दर्दनाक हादसे में राजस्थान के भी 11 यात्रियों के सवार होने की खबर है।

बालोतरा से अपने डॉक्टर पति के पास पहली बार लंदन जा रही खुशबू की अहमदाबाद विमान हादसे में मौत हो गई। परिवार ने उसे पति के पास जाने के लिए खुशी के आंसुओं के साथ विदा किया था। लेकिन उसकी मौत ने परिवार को झकझोर दिया है।
बताया जा रहा है कि खुशबू और मनफूल की शादी इसी वर्ष जनवरी में हुई थी और शादी के बाद यह खुशबू की पहली विदेश यात्रा थी। मनफूल सिंह लंदन की एक आईटी कंपनी में कार्यरत हैं। शुक्रवार सुबह खुशबू के पिताजी मदन सिंह ने उन्हें अहमदाबाद एयरपोर्ट पर विदा किया था। उनके साथ चाचा का लड़का भी अहमदाबाद गया था।
हालांकि फ्लाइट रवाना होने के कुछ समय बाद ही विमान हादसे की खबर आ गई। हादसे की सूचना मिलते ही राजपुरोहित परिवार में कोहराम मच गया। फिलहाल सभी परिजन अहमदाबाद में ही हैं और खुशबू की जानकारी जुटाने में लगे हैं। परिजन उसकी सलामती के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
राजस्थान के अन्य यात्री भी थे सवार
विमान में बांसवाड़ा, उदयपुर और बीकानेर से भी यात्री सवार थे। बांसवाड़ा से एक ही परिवार के पांच सदस्य इस विमान से लंदन जा रहे थे। ये नाम हैं प्रतीक जोशी, कोमी व्यास, मिराया जोशी, प्रद्युत जोशी और प्रतीक जोशी।
उदयपुर के जिला कलेक्टर नमित मेहता ने जानकारी दी कि उदयपुर के मार्बल व्यवसायी संजीव मोदी के बेटे शुभम और बेटी शगुन भी इस विमान में सवार थे। दोनों लंदन घूमने जा रहे थे। MBA की पढ़ाई पूरी करने के बाद वे पिता के व्यवसाय में हाथ बंटा रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही संजीव मोदी अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए हैं।
इसके अलावा, उदयपुर जिले के एक गांव के दो युवक भी विमान में थे, जो लंदन में रहने वाले अहमदाबाद के एक व्यवसायी के घर खाना बनाने का काम करते थे। बीकानेर के एक युवक की भी इस विमान में यात्रा करने की खबर है।
परिजनों में शोक और दुआओं का माहौल
विमान हादसे की सूचना मिलने के बाद राजस्थान के कई जिलों में शोक की लहर फैल गई है। परिजन और स्थानीय लोग अपनों की सलामती की दुआ कर रहे हैं। अहमदाबाद में प्रशासन की ओर से राहत एवं जानकारी केंद्र स्थापित किए गए हैं जहां लगातार यात्रियों की जानकारी जुटाई जा रही है।