PM Modi Bihar Visit: पहलगाम अटैक पर पीएम मोदी का कड़ा संदेश: आतंकियों को कल्पना से भी बड़ी सजा मिलेगी
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बिहार के मधुबनी में आयोजित पंचायती राज दिवस कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ देश के संकल्प को दोहराया और हमले में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत पहलगाम आतंकी हमले पर आक्रोश व्यक्त करते हुए की। उन्होंने कहा, “पहलगाम के दोषियों को मिट्टी में मिलाने का समय आ गया है। आतंकियों को कल्पना से भी बड़ी सजा मिलकर रहेगी। उन्होंने बताया कि हमले में मारे गए लोगों में कोई बंगाली था, कोई कन्नड़ भाषी, कोई गुजराती और कोई बिहार का लाल। पूरे देश का आक्रोश एक समान है।
यह हमला भारत की आस्था पर हमला है
प्रधानमंत्री ने कहा कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मासूम लोगों को जिस प्रकार निशाना बनाया गया, वह न सिर्फ निहत्थे लोगों पर बल्कि भारत की आस्था पर हमला है। “हम हमला करने वालों और उनके मददगारों की पहचान कर उन्हें न्याय के कठघरे तक पहुंचाएंगे।”
बिहार की धरती से पीएम मोदी का सख्त संदेश
प्रधानमंत्री ने कहा, “आज बिहार की धरती से मैं दुनिया को कहना चाहता हूं— भारत आतंकियों को सजा देगा। भारत की आत्मा कभी आतंकवाद से नहीं टूटेगी। हम आतंकियों को धरती के अंतिम छोर तक खदेड़ेंगे।” उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय का भी आभार जताया जिन्होंने भारत के साथ खड़े होने का समर्थन दिया।
गांव के विकास से ही देश का विकास संभव
प्रधानमंत्री ने कहा,“बापू का सपना था कि जब तक गांव नहीं सुधरेंगे, तब तक देश का विकास अधूरा रहेगा। हमारी सरकार इसी सोच के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि बीते वर्षों में 2 लाख से ज्यादा पंचायतों को इंटरनेट से जोड़ा गया है और 5.5 लाख से अधिक कॉमन सर्विस सेंटर गांवों में खुल चुके हैं।

प्रधानमंत्री ने सीएम नीतीश कुमार की भी तारीफ की
पीएम मोदी ने कहा, “बिहार देश का पहला राज्य था जिसने महिलाओं को पंचायतों में 50% आरक्षण दिया। मैं नीतीश जी का अभिनंदन करता हूं।” उन्होंने बताया कि आज बड़ी संख्या में दलित, पिछड़े और अति पिछड़े वर्ग की महिलाएं लोकतंत्र की भागीदार बनी हैं।
महिला सशक्तिकरण और गरीबों के लिए योजनाएं
-
जीविका दीदी कार्यक्रम: बिहार में महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए सरकार ने 1 हजार करोड़ रुपए की मदद दी है।
-
प्रधानमंत्री आवास योजना: देश में अब तक 4 करोड़ से अधिक पक्के घर बने हैं। बिहार में 57 लाख परिवारों को लाभ मिला है।
-
आज ही बिहार के 1.5 लाख परिवारों ने अपने पक्के घर में गृह प्रवेश किया।
-
10 लाख परिवारों को आर्थिक सहायता भेजी गई, जिसमें 80 हजार ग्रामीण और 1 लाख शहरी परिवार बिहार से हैं।
बुनियादी सुविधाओं में ऐतिहासिक प्रगति
-
जल जीवन मिशन: देश के 12 करोड़ से ज्यादा परिवारों को पहली बार नल से जल मिला।
-
उज्ज्वला योजना: जिन परिवारों ने कभी सिलेंडर नहीं देखा था, आज उनके घर में गैस पहुंची है।
-
स्वास्थ्य: देश में मेडिकल कॉलेज की संख्या दोगुनी हुई है। आयुष्मान भारत योजना के तहत बिहार में लाखों को मुफ्त इलाज मिला है। 800 से ज्यादा जन औषधि केंद्र खोले गए हैं।
आतंकवाद को माकूल जवाब दें, देश आपके साथ है- ललन सिंह
इससे पहले कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा- ‘पहलगाम में आतंकी घटना हुई, उससे सभी मर्माहत हैं। पुलवामा घटना के बाद देश आपके साथ था, आज भी पूरा देश आपके साथ हैं। आप इस का माकूल जवाब दें।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा- ‘2 दिन पहले आतंकी हमले में कई लोगों की मौत हुई है। ये घटना निंदनीय है। हमारे परिवार से साथ खड़े हैं। पूरा देश आतंक के खिलाफ एकजुट है।’ नीतीश कुमार ने मंच से लोगों को कहा- प्रधानमंत्री जी ने इतना काम किया है। इनके लिए जोरदार तालियां बजाइए।
60 दिन में बिहार का दूसरा दौरा
इससे पहले PM मोदी 24 फरवरी 2025 को भागलपुर पहुंचे थे। भागलपुर में उन्होंने बिहार के लिए 24 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट लॉन्च किए थे। साथ ही पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किस्त जारी किए और DBT (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए करीब 9.8 करोड़ किसानों के खातों में 22 हजार करोड़ रुपए भेजे थे।