Ayodhya The Final Argument: गोवा के मंत्री मौविन गोडिन्हो बनाएंगे फिल्म “अयोध्या: द फाइनल आर्ग्युमेंट”, राम मंदिर पर केंद्रित होगी कहानी
भारत में सिनेमा के माध्यम से ऐतिहासिक घटनाओं और धार्मिक विषयों को दर्शाने की परंपरा लगातार बढ़ रही है। इसी कड़ी में अब गोवा सरकार के कैबिनेट मंत्री मौविन हेलियोडोरो गोडिन्हो एक नई फिल्म का निर्माण कर रहे हैं, जिसका नाम “अयोध्या: द फाइनल आर्ग्युमेंट” होगा।

यह फिल्म अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े ऐतिहासिक, धार्मिक और कानूनी संघर्ष पर आधारित होगी। फिल्म अयोध्या विवाद की शुरुआत से लेकर 2019 में भारत के सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए ऐतिहासिक निर्णय तक की घटनाओं को दर्शाएगी। इसमें यह बताया जाएगा कि यह विवाद कैसे पनपा, कैसे विभिन्न पक्षों ने अदालत में अपने-अपने सबूत और दलीलें पेश कीं, और अंततः सर्वोच्च न्यायालय ने क्या निर्णय सुनाया।
यह फिल्म तीन वर्षों की गहन रिसर्च पर आधारित है। इसमें 6,700 पन्नों के कोर्ट रिकॉर्ड और 42 पुस्तकों का अध्ययन किया गया है। फिल्म में वही तथ्य और सबूत दिखाए जाएंगे जिन्हें सुप्रीम कोर्ट ने भी स्वीकार किया था।
फिल्म को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करने की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक मंत्री गोडिन्हो इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए इन दिनों मुंबई में बॉलीवुड के फिल्म निर्माताओं और कलाकारों से मुलाकात कर रहे हैं। उनका उद्देश्य इस संवेदनशील विषय को संतुलित, प्रभावशाली और ऐतिहासिक दृष्टिकोण से लोगों के सामने लाना है। फिल्म इतिहास, आस्था, कानून और भावनाओं का समन्वय होगा।
मंत्री मौविन गोडिन्हो कौन हैं?
मौविन हेलियोडोरो गोडिन्हो गोवा के दाबोलिम निर्वाचन क्षेत्र से सात बार विधायक रह चुके हैं। वे कैथोलिक समुदाय से आते हैं और गोवा की राजनीति में एक वरिष्ठ नेता माने जाते हैं। गोडिन्हो अब तक छह मुख्यमंत्रियों के साथ काम कर चुके हैं और उनके पास प्रशासनिक और विधायी अनुभव का बड़ा खजाना है।
राम मंदिर का ऐतिहासिक निर्माण
गौरतलब है कि करीब 500 वर्षों के संघर्ष के बाद अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण हुआ। 5 अगस्त 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंदिर का भूमिपूजन किया था और 22 जनवरी 2024 को मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। इससे पहले 27 वर्षों तक रामलला एक टेंट में विराजमान थे।