Gold Price Today: सोने-चांदी के दामों में इस हफ्ते तेजी: चांदी ने बनाया ऑल टाइम हाई
इस हफ्ते सोने और चांदी के दामों में बढ़त देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के अनुसार, 22 मार्च (शनिवार) को सोना 88,169 रुपए प्रति 10 ग्राम था।

जो अब 29 मार्च को 89,164 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। यानी इस हफ्ते सोने की कीमत 995 रुपए बढ़ी है। चांदी की कीमतों में भी जोरदार उछाल देखा गया है।
22 मार्च को चांदी 97,620 रुपए प्रति किलोग्राम थी, जो अब 1,00,892 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है। इस हफ्ते चांदी की कीमत 3,272 रुपए बढ़ी है। खास बात यह है कि 28 मार्च को चांदी ने 1,00,934 रुपए और सोने ने 89,306 रुपए का ऑल टाइम हाई छुआ था।
महानगरों और भोपाल में सोने के दाम
देश के प्रमुख महानगरों और भोपाल में 22 कैरेट और 24 कैरेट सोने की कीमतें इस प्रकार हैं:
- दिल्ली: 22 कैरेट – 83,750 रुपए, 24 कैरेट – 91,350 रुपए प्रति 10 ग्राम
- मुंबई: 22 कैरेट – 83,600 रुपए, 24 कैरेट – 91,200 रुपए प्रति 10 ग्राम
- कोलकाता: 22 कैरेट – 83,600 रुपए, 24 कैरेट – 91,200 रुपए प्रति 10 ग्राम
- चेन्नई: 22 कैरेट – 83,600 रुपए, 24 कैरेट – 91,200 रुपए प्रति 10 ग्राम
- भोपाल: 22 कैरेट – 83,650 रुपए, 24 कैरेट – 91,250 रुपए प्रति 10 ग्राम
इस साल अब तक 13,002 रुपए महंगा हुआ सोना
1 जनवरी 2025 से अब तक 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम 76,162 रुपए से बढ़कर 89,164 रुपए पर पहुंच गया है। यानी इस साल अब तक सोना 13,002 रुपए महंगा हो चुका है। वहीं, चांदी का भाव भी 86,017 रुपए प्रति किलोग्राम से बढ़कर 1,00,892 रुपए पर पहुंच गया है, यानी 14,875 रुपए की वृद्धि दर्ज हुई है। पिछले साल यानी 2024 में सोना 12,810 रुपए महंगा हुआ था।
सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें
गोल्ड खरीदते समय हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड सोना ही खरीदें। सोने पर 6 अंकों का हॉलमार्क कोड होता है, जिसे हॉलमार्क यूनीक आइडेंटिफिकेशन नंबर (HUID) कहा जाता है। यह अल्फान्यूमेरिक फॉर्मेट में होता है, जैसे – AZ4524। हॉलमार्किंग से यह पता चलता है कि सोना कितने कैरेट का है, जिससे ग्राहकों को शुद्धता की गारंटी मिलती है।