Congress leader Chiranjeev Rao on Inauguration Tour: बीकानेर के दौरे पर कांग्रेस नेता चिरंजीव राव: भाजपा पर निकाय चुनाव नहीं कराने का लगाया आरोप
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं राजस्थान के प्रभारी सचिव चिरंजीव राव ने सोमवार को बीकानेर में शहर और देहात कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर पंचायत और स्थानीय निकाय चुनाव नहीं करवाने और इन्हें कमजोर करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मजबूत है। इसी का परिणाम है कि लोकसभा चुनाव में राजस्थान में 11 सीटों पर कब्जा जमाने में कामयाब रही।

सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत में चिरंजीव राव ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस संगठन हमेशा से मजबूत रहा है। भाजपा सरकार पंचायतों और निकायों में चुनाव नहीं करवाकर इन संस्थाओं को कमजोर कर रही है। सरकार प्रशासकों की नियुक्ति कर रही है। जिससे जनप्रतिनिधियों का अपमान हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकसभा में अच्छे प्रदर्शन के बाद पंचायत और निकाय चुनावों में भी बेहतरीन नतीजे देगी।
कांग्रेस ने संभाग में अच्छा काम किया
राव ने कहा- लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने बीकानेर संभाग में बेहतर काम किया है। चूरू की सीट पर हम जीत गए हैं तो बीकानेर में महज पचास हजार वोट से हार गए। पिछले लंबे समय से कांग्रेस अच्छा काम कर रही है। पंचायत और निकाय चुनाव में कांग्रेस ज्यादा अच्छा रिजल्ट देगी। भाजपा इन संस्थाओं को कमजोर कर रही है।