Indigo’s regular flight to Delhi starts: दिल्ली के लिए इंडिगो की नियमित उड़ान शुरू: केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने दिखाई हरी झंडी
बीकानेर से दिल्ली के लिए इंडिगो की पहली नियमित फ्लाइट सेवा शुक्रवार को शुरू हुई। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल तथा केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने नाल के सिविल हवाई अड्डा परिसर से हरी झंडी दिखाकर पहली फ्लाइट को रवाना किया।

मेघवाल और मोहोल ने इस फ्लाइट में बीकानेर से दिल्ली जाने वाले पहले हवाई यात्री डॉ. पुष्कर भटेजा को बोर्डिंग पास प्रदान किया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने शंख की पावन ध्वनि के साथ लोक देवी-देवताओं के जयकारे लगाए। केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने कहा कि बीकानेर में सोलर क्षेत्र में लगभग पचास हजार करोड़ रुपए का निवेश हो रहा है। यहां सिरेमिक और फर्टिलाइजर क्षेत्र में भी अपार संभावनाएं हैं। ऐसे में यहां से दिल्ली के लिए नियमित उड़ान की मांग लंबे समय से थी। जिसे पूरा किया गया है।
उड़ान का समय और संख्या
- बीकानेर से दिल्ली – फ्लाइट संख्या 6E-7443, सुबह 10:05 बजे रवाना होगी और 11:20 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
- दिल्ली से बीकानेर – फ्लाइट संख्या 6E-7442, सुबह 8:25 बजे रवाना होगी और 9:45 बजे बीकानेर पहुंचेगी।
केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी में होगा शुभारंभ
केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल और अर्जुन राम मेघवाल सुबह 8:25 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से रवाना होकर 9:45 बजे बीकानेर पहुंचेंगे। इंडिगो फर्स्ट फ्लाइट सेरेमनी में शामिल होंगे और फिर वापस दिल्ली लौट जाएंगे।
एयरपोर्ट प्रशासन ने पूरी की तैयारियां
बीकानेर एयरपोर्ट प्रशासन और इंडिगो की टीम ने उड़ान शुरू करने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। एयरपोर्ट निदेशक राजेंद्र सिंह बघेला ने बताया कि यह सेवा यात्रियों के लिए बेहद फायदेमंद होगी और बीकानेर के लिए हवाई यात्रा के नए द्वार खोलेगी।