Jaipur में मनाई जाएगी ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ
रक्षा मंत्री समेत तीनों सेना प्रमुख होंगे शामिल
भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ चलाए गए ऐतिहासिक ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ इस बार राजस्थान की राजधानी जयपुर में भव्य स्तर पर मनाई जाएगी। गुरुवार को जयपुर स्थित साउथ वेस्टर्न कमांड मुख्यालय में आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, तीनों सेनाओं के प्रमुख और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित एक विशेष फिल्म भी रिलीज की जाएगी, जिसमें ऑपरेशन के कई वास्तविक दृश्य शामिल बताए जा रहे हैं।

भारतीय सेना ने 7 मई 2025 को पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) में मौजूद आतंकी ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया था। इस ऑपरेशन में भारतीय वायुसेना, थलसेना और नौसेना ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया था। सेना के अनुसार यह कार्रवाई आतंकवाद के खिलाफ भारत की निर्णायक रणनीति का हिस्सा थी। राजस्थान की लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा, सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों और संवेदनशील सीमावर्ती जिलों की वजह से इस पूरे अभियान में राजस्थान की भूमिका अहम रही थी। यही कारण है कि सेना ने इसकी पहली वर्षगांठ के आयोजन के लिए जयपुर को चुना है।
ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी फिल्म के शॉट्र्स देखिए



जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर 12 बजे जयपुर के खातीपुरा स्थित सप्त शक्ति कमांड में तीनों सेनाओं के प्रमुख मीडिया को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित फिल्म का आधिकारिक विमोचन किया जाएगा।

सेना की ओर से इस फिल्म का एक टीजर भी जारी किया गया है। टीजर में ऑपरेशन के दौरान भारतीय एयरफोर्स, नेवी और आर्मी के संयुक्त सैन्य अभियानों के दृश्य दिखाए गए हैं। खास बात यह है कि टीजर को रात 1 बजकर 7 मिनट पर जारी किया गया, क्योंकि ठीक एक वर्ष पहले इसी समय भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत की थी। सेना सूत्रों के अनुसार फिल्म में कई ऐसे वास्तविक दृश्य शामिल हैं, जिन्हें ऑपरेशन के दौरान लाइव शूट किया गया था। इससे दर्शकों को भारतीय सेना के साहस, रणनीति और तकनीकी क्षमता की झलक देखने को मिलेगी।
गौरतलब है कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय वायुसेना ने 6 और 7 मई 2025 की रात पाकिस्तान और पीओके में एयर स्ट्राइक की थी। आधी रात करीब 1:05 बजे शुरू हुए इस ऑपरेशन में भारतीय सेना ने पाकिस्तान की सीमा में लगभग 100 किलोमीटर अंदर तक घुसकर आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया था। बताया गया था कि करीब 25 मिनट तक चले इस ऑपरेशन में पाकिस्तान के 7 शहरों में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया गया। ऑपरेशन के बाद सेना ने रात 1:51 बजे सोशल मीडिया पर “इंसाफ हो गया” संदेश जारी करते हुए इसकी जानकारी साझा की थी।
जयपुर पहले भी सेना के बड़े आयोजनों का केंद्र बन चुका है। इसी वर्ष 15 जनवरी को आर्मी डे परेड का आयोजन भी जयपुर में किया गया था। पहली बार यह परेड सेना क्षेत्र से बाहर जगतपुरा स्थित महल रोड पर आयोजित हुई थी, जहां आम नागरिकों ने भारतीय सेना के शौर्य और अत्याधुनिक हथियारों का प्रदर्शन देखा था। इस आयोजन को देशभर में काफी सराहना मिली थी।
अब ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ का आयोजन जयपुर में होने जा रहा है, जिसे लेकर सेना और प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह आयोजन न केवल भारतीय सेना की वीरता और रणनीतिक क्षमता का प्रतीक बनेगा, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की मजबूत नीति का संदेश भी पूरी दुनिया तक पहुंचाएगा।
ReadMore : बिना लायसेंस के चल रहे जार वाटर प्लांट

