पुष्कर में BJP प्रशिक्षण महाअभियान-2026 का भव्य समापन
बूथ से संगठन तक BJP कार्यकर्ताओं को मिला बड़ा संदेश
पुष्कर में भारतीय जनता पार्टी अजमेर शहर द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 का भव्य समापन हुआ। बूढ़ा पुष्कर स्थित निजी रिसोर्ट में आयोजित इस दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रहित, संगठन विस्तार और बूथ प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती और राष्ट्र सेवा का संदेश दिया। इस दौरान BJP कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

सातवें सत्र में मुख्य वक्ता मिथिलेश गौतम ने देश के सामने मौजूद चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने आतंकवाद, घुसपैठ, नकली नोटों की तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी और सीमा सुरक्षा जैसे विषयों पर कार्यकर्ताओं को सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि BJP का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र सुरक्षा के लिए समर्पित होकर कार्य करे। इस सत्र की अध्यक्षता शिवांगी कनावत ने की।
आठवें सत्र में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने “विचार परिवार” विषय पर संबोधित करते हुए भारतीय संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और भाजपा विचारधारा से जुड़े संगठनों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि BJP केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का अभियान है। वर्ग अध्यक्ष रमेश सोनी ने भी संगठनात्मक मजबूती पर जोर दिया।

नवम सत्र में मुख्य वक्ता निमिषा गौर ने “कार्य विस्तार” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता समाज में आदर्श चरित्र प्रस्तुत करे और BJP की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करे। उन्होंने संगठन विस्तार, सेवा कार्य और युवाओं को जोड़ने पर विशेष बल दिया। इस दौरान वर्ग अध्यक्ष नीरज जैन मौजूद रहे।
दसवें सत्र में श्रीकृष्ण सोनगरा ने व्यवहारिकता विषय पर कार्यकर्ताओं को प्रवास, संवाद और संगठनात्मक व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि BJP कार्यकर्ता का व्यवहार ही उसकी पहचान होता है और संगठन की मजबूती संवाद और अनुशासन से बढ़ती है। वर्ग अध्यक्ष भारती श्रीवास्तव ने भी कार्यकर्ताओं को टीम भावना के साथ काम करने की प्रेरणा दी।

11वें और अंतिम सत्र में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने बूथ प्रबंधन, मन की बात और आईटी विभाग की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि BJP का बूथ स्तर तक मजबूत नेटवर्क ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम को घर-घर तक पहुंचाने और सोशल मीडिया के माध्यम से BJP को मजबूत करने का आह्वान किया गया। इस सत्र की अध्यक्षता भागीरथ चौधरी ने की।
भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सोनी ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर में मिले मार्गदर्शन को कार्यकर्ता संगठन और राष्ट्रहित में उपयोग करेंगे। वहीं देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष एवं वर्ग प्रभारी ओमप्रकाश भडाणा ने कहा कि हर कार्यकर्ता को देश सबसे पहले की भावना के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि BJP कार्यकर्ता पहले देश, फिर पार्टी और उसके बाद स्वयं को प्राथमिकता दें।
भाजपा जिला मीडिया संयोजक विक्रम सिंह ने बताया कि शिविर के दौरान भजन संध्या का आयोजन भी किया गया जिसमें गजानंदजी, बालाजी और खाटू श्याम के भजनों का सभी कार्यकर्ताओं ने आनंद लिया। जिला अध्यक्ष रमेश सोनी ने भी देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। सुबह कार्यकर्ताओं ने शाखा में भाग लेकर योगाभ्यास और व्यायाम किया। कार्यक्रम की शुरुआत कल्याण मंत्र से हुई और संचालन योगेश शर्मा ने किया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में BJP कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस प्रशिक्षण शिविर ने कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा देने के साथ राष्ट्र सेवा और संगठन विस्तार का संदेश दिया। नेताओं ने कहा कि BJP की मजबूती बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ताओं से ही संभव है और आने वाले समय में संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।
Read more : SIR का तीसरा चरण शुरू ,घर घर जाकर होगी वाटरलिस्ट की जाँच

