कासगंज में pharmacists का CMO कार्यालय पर धरना, 20 नवंबर को , 20 नवंबर को लखनऊ में Statewide Protest की चेतावनी

कासगंज में pharmacists का CMO कार्यालय पर धरना, 20 नवंबर को लखनऊ में Statewide Protest की चेतावनी
कासगंज। लंबित मांगों का समाधान नहीं होने से नाराज डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया। फार्मासिस्टों ने शासन और स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों पर लंबे समय से उनकी मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। धरने के माध्यम से मुख्यमंत्री से फार्मासिस्ट संवर्ग की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की गई। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को प्रदेश स्तर पर तेज किया जाएगा।
डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की प्रांतीय कार्यकारिणी के निर्देश पर आयोजित इस धरने में जिलेभर के फार्मासिस्टों ने भाग लिया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि फार्मासिस्ट संवर्ग की कई वित्तीय और गैर वित्तीय मांगें लंबे समय से शासन स्तर पर लंबित हैं। कई बार मांगों को लेकर अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। अधिकारियों की ओर से आश्वासन तो दिए गए, लेकिन उन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि फार्मासिस्ट संवर्ग के पदनाम परिवर्तन की मांग लंबे समय से लंबित है। इसके अलावा वरिष्ठता सूची जारी करने और उच्च पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की मांग भी लगातार उठाई जा रही है। इन मांगों को लेकर शासन और महानिदेशालय स्तर पर कई बार प्रयास किए गए, लेकिन समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और अस्पतालों से लेकर प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक मरीजों को दवा उपलब्ध कराने तथा दवा प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाते हैं। इसके बावजूद उनकी जायज मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
धरने में शामिल सदस्यों ने मुख्यमंत्री से मांग की कि फार्मासिस्ट संवर्ग की लंबित समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए वित्तीय एवं गैर वित्तीय मांगों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं। उनका कहना था कि लगातार अनदेखी के कारण कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है। संगठन अपनी मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए मजबूर है एसोसिएशन की ओर से जारी पत्र में आंदोलन के अगले चरण की जानकारी देते हुए बताया गया कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 20 नवंबर को प्रदेशभर के फार्मासिस्ट लखनऊ पहुंचकर महानिदेशालय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं उत्तर प्रदेश के कार्यालय के सामने एक दिवसीय प्रदेशव्यापी धरना देंगे। इस धरने में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से फार्मासिस्ट शामिल होंगे। इसके साथ ही आंदोलन को आगे बढ़ाने की रणनीति तय की जाएगी और अगले चरण के आंदोलन तथा हड़ताल की घोषणा भी की जाएगी।
धरने में जनपद के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला चिकित्सालय, जिला महिला चिकित्सालय सहित अन्य राजकीय चिकित्सालयों में कार्यरत फार्मासिस्ट, चीफ फार्मासिस्ट और प्रभारी अधिकारी फार्मासिस्ट शामिल हुए। सभी ने संगठन की मांगों के समर्थन में एकजुटता दिखाई और शासन से जल्द समाधान की अपील की।
फार्मासिस्टों की प्रमुख मांगें
– फार्मासिस्ट संवर्ग का पदनाम परिवर्तन किया जाए।
– लंबित वरिष्ठता सूची शीघ्र जारी की जाए।
– उच्च पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी की जाए।
– संवर्ग की लंबित वित्तीय एवं गैर वित्तीय मांगों का निस्तारण किया जाए।
20 नवंबर को लखनऊ में धरना
एसोसिएशन के अनुसार, मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में 20 नवंबर को प्रदेशभर के फार्मासिस्ट लखनऊ स्थित महानिदेशालय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं उत्तर प्रदेश के कार्यालय के सामने एक दिवसीय धरना देंगे। इसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों के फार्मासिस्ट भाग लेंगे।
आंदोलन के अगले चरण की होगी घोषणा
लखनऊ में प्रस्तावित प्रदेशव्यापी धरने के दौरान आंदोलन की आगामी रणनीति तय की जाएगी। एसोसिएशन की ओर से अगले चरण के आंदोलन और हड़ताल की घोषणा किए जाने की बात कही गई है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि मांगों की अनदेखी जारी रहने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।

