Kasganj News: सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ, जनगणना-2027 की स्व-गणना पर जोर, 17 नवंबर से मतदाता सूची पुनरीक्षण, तबादलों पर सख्ती

Kasganj News: डीएम प्रणय सिंह और एसपी ओम प्रकाश सिंह ने सड़क सुरक्षा पखवाड़े के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाई
कासगंज। जनपद में सोमवार को तीन महत्वपूर्ण प्रशासनिक गतिविधियां आयोजित की गईं। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए सड़क सुरक्षा पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ हुआ। वहीं, जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में स्व-गणना को लेकर कार्यशाला हुई। इसके साथ ही मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के मद्देनजर निर्वाचन कर्मियों के तबादलों पर रोक लगा दी गई।
प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी
जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने पखवाड़े के पहले दिन प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पखवाड़ा 16 से 30 नवंबर तक चलेगा। प्रचार वाहन से पब्लिक एड्रेस सिस्टम और पंपलेट वितरण के जरिए लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी। अभियान में अलग-अलग स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम भी होंगे।
इस मौके पर सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय परिसर में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला हुई। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) आरपी मिश्रा ने पखवाड़े की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के कई कारण होते हैं और इन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आमजन का सहयोग जरूरी है। यातायात नियमों का पालन करके दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने वाहन चालकों से अपील की कि वे:
- हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें
- नशे की हालत में वाहन न चलाएं
- निर्धारित गति सीमा का पालन करें
- गलत दिशा में वाहन न चलाएं
- ओवरलोडिंग से बचें

कार्यशाला के बाद प्रचार वाहन के साथ सोरों शूकर क्षेत्र में पंपलेट बांटकर लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक नीरज कुमार, शिक्षा, लोक निर्माण और चिकित्सा विभाग के अधिकारी, वाहन यूनियनों के पदाधिकारी, एनजीओ प्रतिनिधि, परिवहन निगम के चालक-परिचालक और बड़ी संख्या में वाहन चालक मौजूद रहे।
जनगणना में स्व-गणना को लेकर कार्यशाला
कलेक्ट्रेट के रुद्राक्ष सभागार में जिलाधिकारी प्रणय सिंह की अध्यक्षता में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) पर कार्यशाला हुई। डीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों से स्वयं और अपने परिवार की स्व-गणना कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है और इसकी सफलता हर अधिकारी-कर्मचारी की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी स्व-गणना करने के साथ आमजन को भी इसके महत्व के प्रति जागरूक करें। संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियां गंभीरता से निभाएं, ताकि जनगणना का कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुचारू रूप से पूरा हो सके।
कार्यशाला में जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) आलोक कुमार गुप्ता, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) मंजूर अहमद अंसारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, मास्टर ट्रेनर राजकुमार, खंड शिक्षा अधिकारी पटियाली, अपर सांख्यिकी अधिकारी मुकेश कुमार, जनगणना लिपिक पंकज कुमार और आयुष्मान तिवारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
निर्वाचन कर्मियों के तबादलों पर रोक
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद में 17 नवंबर 2026 से निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) शुरू होने जा रहा है। प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारु और समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के लिए निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण पर रोक लगा दी गई है।
निर्देशों के अनुसार पुनरीक्षण अवधि में निर्वाचन कार्य से जुड़े किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का तबादला सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना नहीं होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्वाचन कार्य में लगे कार्मिकों की तैनाती और उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है।

