दिल्ली कैपिटल्स इस समय अंक तालिका में सातवें स्थान पर है। टीम ने 10 मैचों में सिर्फ 8 पॉइंट्स हासिल किए हैं। प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए दिल्ली को अपने बाकी चारों मुकाबले जीतने होंगे। दूसरी तरफ, कोलकाता नाइट राइडर्स की स्थिति भी ज्यादा बेहतर नहीं है। KKR आठवें स्थान पर मौजूद है और उसे अगले दौर में पहुंचने के लिए अपने बाकी पांचों मैच जीतने होंगे। ऐसे में दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला बेहद रोमांचक माना जा रहा है।
दोनों टीमों के बीच अब तक आईपीएल में 34 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें कोलकाता का पलड़ा भारी रहा है। KKR ने 19 मैच जीते हैं, जबकि दिल्ली को 14 मुकाबलों में जीत मिली। एक मैच टाई रहा था, जिसे बाद में दिल्ली ने अपने नाम किया। पिछले सीजन में खेले गए मुकाबले में भी कोलकाता ने दिल्ली को हराया था। ऐसे में दिल्ली इस बार हिसाब बराबर करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

दिल्ली कैपिटल्स की सबसे बड़ी चिंता उसकी बल्लेबाजी रही है। जब भी पिच से गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिली, टीम का टॉप ऑर्डर पूरी तरह बिखर गया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ दिल्ली ने सिर्फ 9 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे, जिसने टीम की कमजोरी उजागर कर दी। गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ भी बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए।
हालांकि, टीम के लिए राहत की बात यह है कि KL Rahul शानदार फॉर्म में हैं। राहुल ने इस सीजन में 445 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट लगभग 180 का रहा है। वे दिल्ली के सबसे सफल बल्लेबाज साबित हुए हैं। कप्तान Axar Patel भी ऑलराउंड प्रदर्शन से टीम को संभालने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन टीम को करुण नायर, ट्रिस्टन स्टब्स और नीतीश राणा जैसे बल्लेबाजों से भी बड़ी पारियों की उम्मीद होगी।
दिल्ली की गेंदबाजी इस सीजन में सबसे कमजोर कड़ी रही है। मुख्य स्पिनर Kuldeep Yadav खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। उन्होंने 10 मैचों में सिर्फ 7 विकेट लिए हैं और उनकी इकॉनमी 10 से ऊपर रही है। तेज गेंदबाज मुकेश कुमार, टी नटराजन और आकिब नबी डार भी लगातार रन लुटाते नजर आए हैं। कप्तान अक्षर पटेल 9 विकेट लेकर टीम के टॉप विकेट टेकर हैं, लेकिन उन्हें दूसरे गेंदबाजों से सहयोग नहीं मिल पा रहा।
वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स की ताकत उसकी स्पिन गेंदबाजी मानी जा रही है। Varun Chakravarthy ने इस सीजन में 10 विकेट लिए हैं, जबकि Sunil Narine के नाम 9 विकेट हैं। दोनों स्पिनर्स ने बीच के ओवरों में विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाया है।
हालांकि, KKR के लिए भी बल्लेबाजी चिंता का विषय बनी हुई है। कप्तान Ajinkya Rahane और अंगकृष रघुवंशी की ओपनिंग जोड़ी उम्मीद के मुताबिक शुरुआत नहीं दे पाई है। मिडिल ऑर्डर में भी निरंतरता की कमी देखने को मिली है। सिर्फ Rinku Singh ने कुछ मौकों पर जिम्मेदारी संभाली है। टीम को जीत के लिए बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की जरूरत होगी।
दिल्ली कैपिटल्स की संभावित प्लेइंग इलेवन में केएल राहुल, पथुम निसांका, करुण नायर, ट्रिस्टन स्टब्स, नीतीश राणा, अक्षर पटेल, आशुतोष शर्मा, मिचेल स्टार्क, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी और टी नटराजन शामिल हो सकते हैं। वहीं, कोलकाता की टीम अजिंक्य रहाणे, अंगकृष रघुवंशी, कैमरन ग्रीन, रोवमन पॉवेल, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती और वैभव अरोड़ा जैसे खिलाड़ियों के साथ उतर सकती है।
अरुण जेटली स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां हाई स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं। ऐसे में आज भी फैंस को चौकों-छक्कों की बरसात देखने को मिल सकती है। हालांकि, मैच के बीच के ओवरों में स्पिन गेंदबाज अहम भूमिका निभा सकते हैं।
दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला सिर्फ दो अंक हासिल करने का नहीं, बल्कि पूरे सीजन को बचाने का सवाल है। जो टीम दबाव को बेहतर तरीके से संभालेगी, वही प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रख पाएगी।

