Weather Update: राजस्थान से विदा ले रहा मानसून: अब बढ़ेगी गर्मी; कई जिलों में तापमान 40 डिग्री तक पहुंचा
राजस्थान में मानसून अब लगभग विदाई की ओर है, लेकिन दक्षिण-पूर्वी जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक जारी है. जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 27 सितंबर तक उदयपुर, कोटा, अजमेर, जयपुर और भरतपुर में कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं

जयपुर राजस्थान में मानसून अब अंतिम पड़ाव पर है। जयपुर, टोंक, भीलवाड़ा और अजमेर समेत कई जिलों से मानसून ने विदाई ले ली है। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह के अंत तक पूरे राज्य से मानसून पूरी तरह से विदा हो जाएगा। इसके बाद प्रदेशभर में शुष्क और गर्म मौसम का दौर शुरू होगा।
पश्चिमी राजस्थान में मौसम रहेगा शुष्क
मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अगले 4 से 5 दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। दिन में तेज धूप और तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जिससे लोगों को दोबारा गर्मी का अहसास होने लगेगा।
पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश की संभावना
पूर्वी राजस्थान के कुछ दक्षिणी हिस्सों, विशेष रूप से उदयपुर संभाग में एक-दो दिन तक हल्की बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। वहीं कोटा, भरतपुर, जयपुर संभाग के अधिकतर इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
हाल की बारिश का ब्यौरा
पिछले 24 घंटों के दौरान उदयपुर के गोगुंदा में 15 मिमी, झाड़ोल में 1 मिमी और प्रतापगढ़ के दलोत क्षेत्र में 6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। सोमवार देर रात डूंगरपुर और बांसवाड़ा के इलाकों में भी हल्के बादल छाए रहे, लेकिन अब 25 सितंबर से पूरे राज्य में मौसम सूखा हो जाएगा।
तेज धूप और गर्मी का असर
मानसून की विदाई के साथ ही राजस्थान के कई जिलों में तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करने लगी हैं। सोमवार को जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, टोंक, गंगानगर, चूरू, कोटा और चित्तौड़गढ़ जैसे शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया।
राजस्थान के प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
| क्रम | शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
|---|---|---|---|
| 1 | अजमेर | 35.0 | 23.7 |
| 2 | वनस्थली (टोंक) | 36.8 | 23.6 |
| 3 | अलवर | 36.8 | 24.2 |
| 4 | जयपुर | 37.0 | 26.6 |
| 5 | पिलानी | 38.6 | 22.2 |
| 6 | सीकर | 36.0 | 24.0 |
| 7 | कोटा | 35.7 | 25.7 |
| 8 | चित्तौड़गढ़ | 35.3 | 24.6 |
| 9 | उदयपुर | 32.5 | 23.8 |
| 10 | बाड़मेर | 37.4 | 25.0 |
| 11 | जैसलमेर | 37.8 | 25.0 |
| 12 | जोधपुर | 34.5 | 23.5 |
| 13 | बीकानेर | 37.0 | 25.0 |
| 14 | चूरू | 38.7 | 24.5 |
| 15 | गंगानगर | 39.5 | 26.5 |
| 16 | नागौर | 34.5 | 23.6 |
| 17 | बारां | 35.3 | 25.9 |
| 18 | हनुमानगढ़ | 37.7 | 25.8 |
| 19 | जालौर | 33.2 | 24.1 |
| 20 | सिरोही | 31.1 | 18.4 |
| 21 | करौली | 36.7 | 23.7 |
| 22 | दौसा | 36.6 | 23.3 |
| 23 | प्रतापगढ़ | 33.1 | 23.2 |
| 24 | झुंझुनूं | 36.3 | 23.7 |
| 25 | पाली | 31.8 | 22.7 |

