PM Narendra Modi Mann Ki Baat 126 Episode Update: मन की बात’ के 126वें एपिसोड में पीएम मोदी ने छठ पर्व: भगत सिंह और लता मंगेशकर को किया याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 126वें एपिसोड के माध्यम से देश की जनता से सीधे संवाद कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने शुरुआत में स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह और महान गायिका लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि दी।

पीएम मोदी ने कहा कि आज लता मंगेशकर की जयंती है, और उनकी मधुर आवाज़ हर भारतीय के दिल को छूती है। उन्होंने मराठी सुगम संगीत के महानायक सुधीर फड़के जी का भी जिक्र किया, जिन्होंने उनका परिचय लता मंगेशकर से कराया था। साथ ही, उन्होंने भगत सिंह की निर्भीकता और देशभक्ति को याद करते हुए बताया कि फांसी से पहले भगत सिंह ने अंग्रेजों से युद्धबंदी जैसा व्यवहार मांगा था, जो उनके अदम्य साहस का परिचायक है।
पीएम ने अपने पिछले एपिसोड का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने प्राकृतिक आपदाओं, खेल-कूद, शिक्षा, इनोवेशन और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे विषयों पर बात की थी। उन्होंने यह भी बताया कि UPSC की फाइनल लिस्ट में चयनित न हो पाने वाले उम्मीदवारों की जानकारी ‘प्रतिभा सेतु’ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे देश की बड़ी कंपनियों के साथ यह डेटा साझा किया जाएगा ताकि इन युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
छठ पर्व पर विशेष ध्यान
प्रधानमंत्री मोदी ने छठ पूजा की महत्ता पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह पर्व न केवल भारत के विभिन्न हिस्सों में मनाया जाता है, बल्कि विश्वभर में इसकी छटा देखने को मिलती है और यह धीरे-धीरे एक ग्लोबल फेस्टिवल बनता जा रहा है। छठ पर्व सूर्य देव को समर्पित है, जिसमें डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। मोदी ने यह भी बताया कि भारत सरकार इस पर्व को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास कर रही है।
मन की बात का व्यापक प्रसारण
पीएम मोदी ने बताया कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम को अब 22 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों के अलावा 11 विदेशी भाषाओं में भी प्रसारित किया जाता है, जिनमें फ्रेंच, चीनी, इंडोनेशियाई, तिब्बती, बर्मी, बलूची, अरबी, पश्तो, फारसी, दारी और स्वाहिली शामिल हैं। यह कार्यक्रम आकाशवाणी के 500 से अधिक ब्रॉडकास्टिंग सेंटर से प्रसारित होता है। कार्यक्रम का प्रारंभिक समय 14 मिनट था, जिसे जून 2015 में बढ़ाकर 30 मिनट कर दिया गया।

