PM Narendra Modi Update: PM मोदी ने मिजोरम की पहली रेल लाइन बैराबी-सायरंग का उद्घाटन किया: विकास की नई शुरुआत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नॉर्थ ईस्ट दौरे पर हैं। उन्होंने मिजोरम से इसकी शुरुआत की है। राजधानी आइजॉल में खराब मौसम के कारण उन्होंने एयरपोर्ट से ही जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने रेल नेटवर्क का उद्घाटन भी किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मिजोरम की पहली रेल लाइन बैराबी-सायरंग का उद्घाटन किया। यह 51 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन मिजोरम को दिल्ली, गुवाहाटी और कोलकाता से सीधे जोड़ती है। इस रूट में 45 सुरंगें, 88 छोटे और 55 बड़े पुल शामिल हैं। साथ ही, इसमें 114 मीटर ऊंचा देश का दूसरा पियर ब्रिज भी है, जो कुतुब मीनार (72 मीटर) से भी ऊंचा है।
पीएम मोदी ने कहा कि लंबे समय तक मिजोरम को अनदेखा किया गया, लेकिन अब यह राज्य विकास की फ्रंटलाइन में है। उन्होंने कुछ राजनीतिक पार्टियों पर वोट बैंक राजनीति करने का आरोप लगाया।
प्रधानमंत्री मोदी वर्तमान में दो दिन के नॉर्थ ईस्ट दौरे पर हैं। उन्होंने मिजोरम के आईजोल में लेंगपुई एयरपोर्ट पर ₹9000 करोड़ के प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया। इसके बाद वे मणिपुर के लिए रवाना हुए, जहां चुराचांदपुर और इंफाल में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। शाम को वे असम के गुवाहाटी में भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह में शामिल होंगे।
मिजोरम पहली बार गुवाहाटी, दिल्ली और कोलकाता से सीधे जुड़ा
सायरंग से अब दिल्ली के लिए ट्रेन सेवा शुरू हो गई है, जिससे मिजोरम राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सीधे जुड़ गया है। यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी और 2510 किलोमीटर की दूरी 45 घंटे 30 मिनट में तय करेगी। इस ट्रेन की औसत गति 57.81 किलोमीटर प्रति घंटे होगी।
सायरंग-कोलकाता ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलेगी। कोलकाता से सायरंग के बीच 1530 किलोमीटर की दूरी यह ट्रेन 31 घंटे 15 मिनट में पूरी करेगी। यह ट्रेन शनिवार, मंगलवार और बुधवार को चलेगी, जिसकी औसत गति 48.96 किलोमीटर प्रति घंटे है।
सायरंग-गुवाहाटी ट्रेन रोजाना दोपहर 12:30 बजे सायरंग से रवाना होगी और आधी रात के बाद 2:30 बजे गुवाहाटी पहुंचेगी। इसके अलावा, सायरंग से एक मालगाड़ी भी देश के अन्य हिस्सों से जुड़ने के लिए चलेगी, जिसकी विस्तार से जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
ट्रेन से जुड़ी 2 तस्वीरें…

)

मिजोरम में जल्द ही हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू होंगी: प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों से पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास के लिए लगातार काम किया जा रहा है। यह क्षेत्र अब भारत का विकास इंजन बनता जा रहा है। पिछले कुछ सालों में पूर्वोत्तर के कई राज्यों ने भारत के रेल मानचित्र पर अपनी महत्वपूर्ण जगह बनाई है। ग्रामीण सड़कों, राजमार्गों, मोबाइल और इंटरनेट कनेक्टिविटी, बिजली, नल के पानी और एलपीजी कनेक्शनों का भी व्यापक विस्तार हुआ है।
प्रधानमंत्री ने आगे बताया कि भारत सरकार ने सभी प्रकार की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत की है। मिजोरम को जल्द ही हवाई यात्रा के लिए उड़ान योजना का लाभ मिलेगा और बहुत जल्द यहां हेलीकॉप्टर सेवाएं भी शुरू की जाएंगी, जिससे मिजोरम के दूरदराज इलाकों तक पहुंच और बेहतर होगी।
राज्यपाल और राजनीतिक दलों ने जताई खुशी
मिजोरम के राज्यपाल जनरल वी.के. सिंह (सेवानिवृत्त) ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 11 साल पहले यह विजन दिया था कि विकास तभी संभव होगा जब देश के दूर-दराज और सीमावर्ती इलाकों तक आधारभूत संरचना पहुंचाई जाएगी। उन्होंने बताया कि यह नई रेल लाइन मिजोरम को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ेगी और भविष्य में इसे म्यांमार सीमा तक भी बढ़ाया जा सकता है।
मिजोरम की प्रमुख राजनीतिक पार्टियां जोरम पीपल्स मूवमेंट (ZPM) और मिजो नेशनल फ्रंट (MNF) ने भी इस परियोजना का स्वागत किया है। उनका मानना है कि इससे राज्य में आर्थिक विकास, व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

