Rajasthan News: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने डॉ. गोविंद पारीक को विशेषाधिकारी नियुक्त किया: पत्रकार जगत में खुशी की लहर
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अनुभवी प्रशासक और पत्रकारिता जगत से गहरा जुड़ाव रखने वाले डॉ. गोविंद पारीक को अपना विशेषाधिकारी (OSD) नियुक्त किया है। इस निर्णय से पत्रकार जगत और सूचना विभाग से जुड़े लोगों में हर्ष की लहर दौड़ गई है।

डॉ. पारीक लंबे समय तक सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में सेवाएं देते रहे और उल्लेखनीय कार्य किया। वह जयपुर के सबसे लंबे समय तक सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी (PRO) रहे।
विवादों से दूर, हर सरकार में सम्मान
उनका कार्यकाल इस मायने में विशिष्ट रहा कि लंबी सरकारी सेवा के बावजूद वह विवादों से हमेशा दूर रहे। सभी सरकारों में उन्हें सम्मानजनक पदों पर काम करने का अवसर मिला। उनकी सरलता, मिलनसारिता, सहनशीलता और त्वरित संवाद क्षमता ने उन्हें अधिकारियों और पत्रकारों के बीच विशेष पहचान दिलाई।
पत्रकारों के साथी और सरकार की नीतियों के प्रवक्ता
सरकार की नीतियों व योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार करना हो या पत्रकारों को साथ लेकर चलना – डॉ. पारीक की शैली हमेशा सराही गई। उन्होंने संवाद की ऐसी पुलिया बनाई, जिससे सरकार और मीडिया के बीच विश्वास कायम रहा।
आकाशवाणी और दूरदर्शन से लेकर विश्वविद्यालय तक
डॉ. पारीक ने सिर्फ सूचना विभाग तक खुद को सीमित नहीं रखा। वह दूरदर्शन और आकाशवाणी में लंबे समय तक उद्घोषक रहे। हिंदी, अंग्रेजी और राजस्थानी भाषा पर उनकी गहरी पकड़ ने उन्हें एक अलग पहचान दी। उन्होंने हरदेव जोशी पत्रकारिता विश्वविद्यालय में गेस्ट फैकल्टी के रूप में सैकड़ों नवोदित पत्रकारों को प्रशिक्षित कर नई पीढ़ी को सही दिशा दी।
विद्वान और विनम्र व्यक्तित्व
डॉ. गोविंद पारीक सिर्फ प्रशासक और पत्रकारिता के मार्गदर्शक ही नहीं, बल्कि भारतीय वेद और संस्कृति के प्रखर विद्वान भी हैं। उनका व्यक्तित्व विनम्रता, सहजता और विद्वता का संगम माना जाता है।
दूरदर्शी निर्णय
मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें OSD नियुक्त करने के फैसले की सराहना पूरे राज्य में हो रही है। पत्रकार जगत का मानना है कि यह एक दूरदर्शी और सही निर्णय है, जिससे राजस्थान की जनता को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा। यह नियुक्ति न केवल मुख्यमंत्री कार्यालय के लिए मजबूती का कदम है, बल्कि पत्रकारिता और जनसंपर्क के क्षेत्र में डॉ. गोविंद पारीक के अनुभव का लाभ पूरे राजस्थान को मिलेगा।

