Husband Killed Wife In Gorakhpur: गोरखपुर में पति ने पत्नी को सरेआम गोली मारकर हत्या: तलाक के बीच तनाव की कहानी
यूपी के गोरखपुर में पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। 15 साल पहले दोनों की शादी हुई थी। एक साल पहले दोनों ने तय किया कि वो अब साथ नहीं रहेंगे। कोर्ट में तलाक का केस चल रहा था। मगर पत्नी कोर्ट आती नहीं थी। पति इसी बात से खफा था। हत्या की वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।

गोरखपुर में सरे बाजार पति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। पति-पत्नी के बीच तलाक होने वाला था। दोनों शहर में अलग-अलग जगह किराए पर रहते थे। पत्नी शहर में ही प्राइवेट जॉब करती थी। बुधवार शाम को ऑफिस से घर लौटते समय वह एक दुकान पर फोटो खिंचवाने के लिए रूकी। पीछा करता हुआ उसका पति भी पहुंच गया।
स्टूडियो से बाहर निकलते ही दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। आसपास काफी लोग इकट्ठा हो गए। आरोप-प्रत्यारोप के बीच दोनों धक्का-मुक्की करने लगे। अचानक से पति ने पिस्टल निकाली और पत्नी को गोली मार दी। उसने दो गोली चलाई। एक गोली सीने में लगी तो दूसरी गोली हाथ में लगी।
शाहपुर थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम 8:00 बजे एक बेहद हैरतंगेज वारदात सामने आई, यहां 40 वर्षीय विश्वकर्मा चौहान ने अपनी 36 वर्षीय पत्नी ममता की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी, अचानक हुई वारदात से आस पास हाहाकार मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस में आरोपी हत्यारे पति को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
क्यों होती थी दंपति में लड़ाई
जानकारी के मुताबिक, जेल रोड निवासी विश्वकर्मा चौहान की शादी 15 साल पहले 35 वर्षीय ममता चौहान से हुई थी। परिजनों की मानें तो पहले तो सब कुछ ठीक था। दोनों की एक बेटी भी हुई। मगर समय के साथ-साथ दोनों के रिश्ते में खटास आ गई। शादी के कुछ साल बाद से ही दोनों में लड़ाई-झगड़े शुरू हो गए। दोनों ही एक दूसरे पर अवैध संबंधों का इल्जाम लगाते थे। 14 महीने पहले ममता अपनी 13 साल की बेटी को लेकर शाहपुर के गीता वाटिका इलाके में जाकर किराए के घर में रहने लगी। वह प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती थी।
पत्नी पर लगाए गंभीर आरोप
दोनों के तलाक का केस फैमिली कोर्ट में चल रहा था। पड़ोसियों की मानें तो ममता कोर्ट नहीं जाती थी। इस बात को लेकर पति-पत्नी में और लड़ाई होती थी। पति का आरोप था कि पत्नी उससे गुजारा भत्ता तो चाहती थी। मगर वो उसे पैसे नहीं देना चाहता था। इसलिए ममता कोर्ट नहीं आती थी। पति ने आरोप लगाया कि पत्नी उस पर खेत बेचने का भी दबाव बना रही थी। वह बार-बार उससे पैसों की डिमांड कर रही थी। इस बात से वो तंग आ चुका था। तीन दिन तक उसने पत्नी की रेकी की। फिर उसे मार डाला। फिलहाल आरोपी पुलिस गिरफ्त में है। मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।

