IndiGo Flight: 5 दिन में दूसरी बार इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग: नागपुर से उड़ान भरते ही पक्षी से टकराया विमान
नागपुर। नागपुर से कोलकाता जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E-812 को मंगलवार सुबह इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही विमान से पक्षी टकरा गया, जिससे विमान की नोज (सामने का हिस्सा) अंदर की ओर धंस गई।

घटना सुबह 7:01 बजे की है। विमान में 272 यात्री सवार थे, सभी सुरक्षित हैं। यह विमान सुबह नागपुर से रवाना होकर 8:50 बजे कोलकाता पहुंचने वाला था, लेकिन पक्षी टकराने के कारण उसे तत्काल नागपुर एयरपोर्ट पर वापस उतारना पड़ा।
5 दिनों में दूसरी बार इंडिगो की इमरजेंसी लैंडिंग
इंडिगो की फ्लाइट में इमरजेंसी लैंडिंग का यह पांच दिन में दूसरा मामला है। इससे पहले, 28 अगस्त को सूरत से दुबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-1507 की भी तकनीकी खराबी के चलते अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। उस विमान में 150 यात्री सवार थे।
पायलट को इंजन में गड़बड़ी महसूस हुई थी, जब विमान समुद्र के ऊपर था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विमान को तत्काल वापस मोड़कर अहमदाबाद में सुरक्षित उतारा गया।
पुणे से दिल्ली जा रही फ्लाइट में तकनीकी खराबी, एक घंटे बाद लौटी
पुणे से दिल्ली जा रही स्पाइसजेट फ्लाइट की सोमवार को इमरजेंसी लैंडिंग हुई। प्लेन ने सुबह 6:40 बजे पुणे से उड़ान भरी। इसे 8:10 बजे दिल्ली पहुंचना था। लेकिन बीच में हुई तकनीकी दिक्कत की वजह से टेक-ऑफ के एक घंटे बाद पुणे में प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
29 अगस्त- देहरादून-हैदराबाद फ्लाइट की जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग
देहरादून से हैदराबाद जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट को गुरुवार को जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। तकनीकी खराबी आने के बाद पायलट ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट से इमरजेंसी लैंडिंग की परमिशन मांगी।

