Jaipur Airport Update: टेक-ऑफ के बाद फ्लाइट में खराबी: जयपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग
Jaipur Airport Update जयपुर से पुणे के लिए रवाना हुई स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-1077 में मंगलवार सुबह टेक-ऑफ के कुछ देर बाद तकनीकी खराबी आ गई। फ्लाइट करीब 25 हजार फीट की ऊंचाई पर थी, जब पायलट को कॉकपिट गेट (पायलट केबिन) में समस्या का पता चला।

एटीसी से संपर्क कर फ्लाइट को तुरंत Jaipur Airport पर लैंड कराया गया। खराबी ठीक नहीं होने के कारण उड़ान को रद्द कर दिया गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
समय से पहले भरी थी उड़ान
स्पाइसजेट की यह फ्लाइट निर्धारित समय सुबह 5:05 बजे थी, लेकिन यह 15 मिनट पहले यानी 4:50 बजे ही टेक ऑफ कर गई। टेक-ऑफ के कुछ ही मिनट बाद पायलट को कॉकपिट गेट में तकनीकी गड़बड़ी का अहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और वापस लौटने की अनुमति मांगी। करीब 25 मिनट के बाद फ्लाइट सुबह 5:15 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कर दी गई।
70 यात्रियों को झेलनी पड़ी परेशानी
फ्लाइट में करीब 70 पैसेंजर्स सवार थे। खराबी के चलते उड़ान रद्द होने से यात्रियों में नाराजगी देखी गई। यात्रियों का कहना था कि अगर विमान में तकनीकी खराबी थी, तो टेक-ऑफ ही नहीं होना चाहिए था। यात्रियों ने यह भी शिकायत की कि फ्लाइट रद्द होने की आधिकारिक जानकारी सुबह 11 बजे के बाद दी गई, जिससे उन्हें काफी असुविधा हुई। कई यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट्स भी छूट गईं। अब वे स्पाइसजेट से रिफंड की मांग कर रहे हैं।
पहले भी रद्द हो चुकी है यह फ्लाइट
जयपुर-पुणे की यही फ्लाइट दो महीने पहले भी आखिरी समय में रद्द की गई थी। तब भी स्पाइसजेट ने “ऑपरेशनल कारणों” का हवाला देते हुए उड़ान रद्द कर दी थी। उस वक्त भी करीब 60 यात्रियों को परेशान होना पड़ा था।
स्पाइसजेट पर लगातार उठ रहे हैं सवाल
यह कोई पहली घटना नहीं है जब स्पाइसजेट के विमान में तकनीकी खराबी सामने आई हो। 17 दिन पहले गुजरात के कांडला से मुंबई आ रही एक फ्लाइट के टेक-ऑफ के दौरान रनवे पर टायर गिर गया था। यह बॉम्बार्डियर Q400 विमान था। टायर गिरने के बावजूद फ्लाइट ने उड़ान पूरी की, हालांकि यह एक बड़ा हादसा हो सकता था।

