Jaisalmer Flight Services: जैसलमेर से तीन शहरों के लिए उड़ान सेवा जल्द शुरू: इंडिगो ने जारी किया शेड्यूल
जैसलमेर। इंडिगो एयरलाइन ने जैसलमेर से दिल्ली, मुंबई और जयपुर के लिए अपनी उड़ान सेवाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। 1 अक्टूबर से दिल्ली के लिए हवाई सेवा शुरू होगी, जबकि मुंबई और जयपुर के लिए उड़ानें 26 अक्टूबर से शुरू होंगी।

जैसलमेर एयरपोर्ट के निदेशक प्रमोद मीणा ने बताया कि इंडिगो ने ऑनलाइन बुकिंग भी शुरू कर दी है। दिल्ली के लिए उड़ानें 1 अक्टूबर से उपलब्ध होंगी, लेकिन मुंबई और जयपुर के लिए यात्रियों को 26 अक्टूबर तक इंतजार करना होगा।
दीपावली पर केवल दिल्ली की उड़ान उपलब्ध होगी
इस साल दीपावली 21 अक्टूबर को है, लेकिन मुंबई और जयपुर के लिए उड़ानें 26 अक्टूबर से शुरू होने के कारण, दीपावली के दौरान जैसलमेर से केवल दिल्ली के लिए ही हवाई सेवा उपलब्ध रहेगी। इस दौरान जैसलमेर आने वाले पर्यटक केवल दिल्ली के जरिए अन्य शहरों से जुड़ सकेंगे।
पर्यटन सीजन में ही मिलती है हवाई सेवा
जैसलमेर एयरपोर्ट पर हवाई सेवाएं अधिकतर पर्यटन सीजन के दौरान ही संचालित होती हैं। ऑफ सीजन में एयरलाइंस अपनी उड़ानें रोक देती हैं। पर्यटन व्यवसाय से जुड़े मयंक भाटिया ने बताया कि पर्यटन सीजन में हवाई किराया बहुत अधिक होता है, जिससे स्थानीय लोगों को इसका ज्यादा लाभ नहीं मिल पाता। इस वर्ष जनवरी में हवाई सेवाएं बंद हो गई थीं, और अब अक्टूबर में फिर से शुरू होंगी। इसके साथ ही नौ महीने से सूने पड़े एयरपोर्ट पर 1 अक्टूबर के बाद यातायात बढ़ने की उम्मीद है।
यह रहेगा फ्लाइट का शेड्यूल
1 अक्टूबर – दिल्ली-जैसलमेर-दिल्ली (6E-6822)
- दिल्ली से जैसलमेर – रवानगी 11.30 बजे – पहुंच 1 बजे
- जैसलमेर से दिल्ली – रवानगी 1.30 बजे – पहुंच 2.55 बजे
26 अक्टूबर – मुंबई-जैसलमेर-मुंबई (E-6143)
- मुंबई से जैसलमेर – रवानगी 8.30 बजे – पहुंच 10.30 बजे
- जैसलमेर से मुंबई – रवानगी 11 बजे – पहुंच 12.55 बजे
26 अक्टूबर – जयपुर-जैसलमेर-जयपुर (6E-7677)
- जयपुर से जैसलमेर – रवानगी 9.20 बजे – पहुंच 11.05 बजे
- जैसलमेर से जयपुर – रवानगी 2.55 बजे – पहुंच 4.25 बजे

