Bihar Voter Adhikar Yatra: महागठबंधन की यात्रा का धार्मिक पड़ाव: राहुल-तेजस्वी ने मां जानकी से मांगा आशीर्वाद
बिहार में महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा के 12वें दिन राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने सीतामढ़ी के जानकी मंदिर में पूजा की. कांग्रेस नेताओं ने धार्मिक सौहार्द का संदेश दिया. यात्रा 17 अगस्त से चल रही है और कई नेता इसमें शामिल हैं

बिहार में महागठबंधन की ओर से निकाली जा रही वोटर अधिकार यात्रा ने आज एक अहम पड़ाव छुआ, जब कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव ने सीतामढ़ी स्थित ऐतिहासिक मां जानकी मंदिर में दर्शन किए। इस मौके पर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की और देश-राज्य की समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा। यात्रा के 12वें दिन यह घटनाक्रम न सिर्फ राजनीतिक दृष्टि से बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के लिहाज से भी चर्चा का केंद्र बन गया।
राहुल गांधी ने कुछ दिन पहले ही मां जानकी मंदिर में दर्शन की इच्छा जाहिर की थी। लेकिन सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने अनुमति देने से इनकार कर दिया था। बाद में रूट तय होने और सुरक्षा प्रोटोकॉल तैयार होने के बाद यह कार्यक्रम संभव हो सका। सुबह-सुबह जब राहुल और तेजस्वी मंदिर पहुंचे, तो स्थानीय लोगों की भीड़ उन्हें देखने उमड़ पड़ी।
बिहार लूटने वालें को माता सबक सिखाएंगी- तेजस्वी
सीतामढ़ी में जानकी मंदिर में दर्शन और पूजा अर्चना के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि वोटर अधिकार यात्रा को लोगों का शानदार समर्थन मिल रहा है। यह एक ऐतिहासिक यात्रा है। मैंने दर्शन किए… मैं कामना करता हूं कि बिहार का विकास हो। माता बिहार को लूटने वालों को सबक सिखाएंगी।
अल्का लांबा ने कहा “मां जानकी की जन्मस्थली सीतामढ़ी में राहुल गांधी के नेतृत्व में मतदाता अधिकार यात्रा का आज 12वां दिन है। हम उनका आशीर्वाद मांग रहे हैं और यह आशीर्वाद हमारी लड़ाई में हमारे साथ रहेगा।
कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावेरु ने राहुल-तेजस्वी के मां जानकी मंदिर जाने कहा- हम हर धर्म और उनके भगवान को मानते हैं. हर धर्म की अच्छी चीजें होती हैं। हम नफरत नहीं फैलाते हैं।
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा, “माता रानी की कृपा सभी पर बनी रहे। हम यहां लोककल्याण मांगने आए हैं। देश और बिहार राज्य की तरक्की हो।
प्रियंका गांधी भी जानकी मंदिर के दर्शन करना चाहती थीं। लेकिन तय रूट न होने की वजह से उन्हें वापस दिल्ली लौटना पड़ा। इस बार राहुल और तेजस्वी ने न केवल दर्शन किए बल्कि पूजा-पाठ में भी हिस्सा लिया। कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावेरु ने इस मौके पर कहा कि हमारी विचारधारा हर धर्म और भगवान का सम्मान करने की है। हम नफरत की राजनीति में विश्वास नहीं करते। वहीं बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि माता रानी की कृपा सभी पर बनी रहे और बिहार विकास की ओर आगे बढ़े।
17 अगस्त को हुई थी यात्रा की शुरुआत
वोटर अधिकार यात्रा की शुरुआत 17 अगस्त को सासाराम से हुई थी। इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ-साथ आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, भाकपा (माले) के दीपकंर भट्टाचार्य, वीआईपी के मुकेश सहनी सहित महागठबंधन के अन्य घटक दल के नेता साथ-साथ हैं। बुधवार को राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा मुजफ्फरपुर से सीतामढ़ी पहुंची।

