Bareilly News Update: दानिया खान का नया खुलासा: न धर्म बदला, न शादी की – सौतेली मां पर ब्लैकमेलिंग का आरोप
बरेली की रहने वाली युवती ने बताया कि उसने न तो धर्म बदला और न ही शादी की। वह केवल लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। उसने साफ कहा कि उसकी सौतेली मां ने पहले उसे युवक से मिलवाया और करीब लाने की कोशिश की। बाद में इसी रिश्ते का इस्तेमाल ब्लैकमेल करने के लिए किया गया।

प्रेमनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली दानिया खान छह महीने बाद एक बार फिर सामने आई हैं। अब दानिया खान ने प्रेमी के साथ शादी करने और धर्म परिवर्तन करने से साफ इन्कार किया है। साथ ही सौतेली मां पर गंभीर आरोप लगाया है। इससे पहले वायरल हुए वीडियो में दानिया खान ने अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ जाने और धर्म बदलकर शादी करने की बात कही थी। अब उसका कहना है कि उसने अपना धर्म नहीं बदला है और न ही प्रेमी से शादी की है।

दरअसल, बुधवार को थाने पहुंची युवती ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उसकी सौतेली मां ने पहले उसे युवक से दोस्ती करने के लिए उकसाया। फिर धीरे-धीरे उसे रिश्ते में धकेल दिया। आरोप है कि इसके बाद सौतेली मां ने ब्लैकमेल करने की कोशिश की। जिससे उसकी जिंदगी बर्बाद हो गई। युवती ने कहा मैं सौतेली बेटी थी। इसलिए वह मुझे बिगाड़ने पर तुली रही। उसने मेरे साथ गलत किया। जब उसकी अपनी बेटी की इज्जत पर बात आई तो वह थाने पहुंच गई। लेकिन मेरे साथ जो हुआ उसका क्या? युवती ने यह भी बताया कि उसने अपनी सौतेली बहन का एक वीडियो अपलोड किया है। ताकि सौतेली मां को सबक सिखा सके। उसका कहना है कि सौतेली मां ने हमेशा उसके खिलाफ साजिश रची।
छह महीने पहले वायरल हुए थे वीडियो
दानिया के मुताबिक अगर वह गलत रास्ते पर जा रही थी, तो मां को उसे रोकना चाहिए था, लेकिन उन्होंने उसे और बिगाड़ा, क्योंकि वह उनकी सौतेली बेटी थी। 5 फरवरी 2025 की रात 8 बजे दानिया अचानक घर से लापता हो गई थी। 6 फरवरी को पिता सुहैन रजा ने प्रेमनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने फोटो आसपास के जिलों में भेजे, तभी सोशल मीडिया पर दानिया के वीडियो सामने आए। उस समय उसने दावा किया था कि उसने सनातन धर्म अपना लिया है और प्रेमी के साथ मंदिर में शादी कर ली है। वीडियो में युवती तिलक और सिंदूर लगाए नजर आई थी। उसने पिता से केस वापस लेने की अपील की थी और सोशल मीडिया पर ट्रोल करने वालों को भी जवाब दिया था।
अब क्यों बदला बयान जानिए
छह महीने बाद बरेली लौटकर युवती ने कहा कि उस समय के वीडियो उसने दबाव में बनवाए थे। उसका कहना है कि असल में उसने न धर्म बदला और न शादी की। वह केवल लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। उसने साफ कहा कि उसकी सौतेली मां ने पहले उसे युवक से मिलवाया और करीब लाने की कोशिश की। बाद में इसी रिश्ते का इस्तेमाल ब्लैकमेल करने के लिए किया गया। युवती ने आरोप लगाया कि सौतेली मां ने उसकी जिंदगी को बर्बाद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
मामले में अब मोड़ तब आया, जब युवती की मां ने उसके खिलाफ थाने में शिकायत दी। इसके बाद बुधवार को युवती खुद थाने पहुंची। यहां उसने मीडिया के सामने अपनी पूरी बात रखी और सौतेली मां के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

