Rajasthan Weather: 15 अगस्त से पूर्वी राजस्थान में फिर सक्रिय होगा मानसून: 16 से पश्चिमी हिस्सों में बरसात के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में 15 अगस्त से और पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में 16 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना प्रबल है।

राजस्थान में बीते कुछ दिनों से मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई थी। जिससे बारिश थमने के साथ ही प्रदेश में उमस और गर्मी में इजाफा देखने को मिला। हालांकि, राहत की खबर है कि मौसम विभाग ने 15 अगस्त से पूर्वी और 16 अगस्त से पश्चिमी राजस्थान में फिर से मानसून सक्रिय होने की संभावना जताई है।
फिर बढ़ेगी बारिश की गतिविधि
जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, वर्तमान में बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र, विशेष रूप से दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटवर्ती हिस्सों के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। यह सिस्टम अगले 48 घंटों में पश्चिम उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़कर Well Marked Low Pressure Area बनने की संभावना है।
इस सिस्टम के प्रभाव से:
-
पूर्वी राजस्थान में 15 अगस्त से बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।
-
पश्चिमी राजस्थान में 16 अगस्त से बारिश लौटेगी।
-
कोटा व उदयपुर संभाग में 15 से 18 अगस्त के बीच कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश संभव है।
-
जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर संभाग में 15 से 21 अगस्त तक रुक-रुक कर बारिश की संभावना जताई गई है।
-
वहीं, बीकानेर और जोधपुर संभाग के कुछ हिस्सों में 16 से 22 अगस्त तक बारिश दर्ज की जा सकती है।
बारिश थमने से बढ़ी उमस और गर्मी
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। जयपुर, अजमेर, जोधपुर, उदयपुर, श्रीगंगानगर, बीकानेर, सीकर सहित कई जिलों में दिन में हल्की धूप खिली। उदयपुर में थोड़ी देर के लिए हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। पूरे राज्य में इस बार मानसून सीजन में अब तक औसत से 55% अधिक बारिश हो चुकी है।
तापमान और नमी की स्थिति
बुधवार को श्रीगंगानगर और बीकानेर राज्य के सबसे गर्म जिले रहे, जहां अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान सिरोही में 19.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। राज्य में हवा में नमी की मात्रा 35% से 70% के बीच रही, जिससे उमस में बढ़ोतरी हुई।
मुख्य जिलों का न्यूनतम तापमान (13 अगस्त)
| शहर | न्यूनतम तापमान (°C) |
|---|---|
| श्रीगंगानगर | 29.2 |
| बीकानेर | 28.4 |
| जयपुर | 27.6 |
| करौली | 27.1 |
| जालौर | 27.0 |
| कोटा | 26.8 |
| जोधपुर | 26.6 |
| जैसलमेर | 26.5 |
| अलवर | 26.4 |
| चूरू | 26.5 |
| नागौर | 26.0 |
| सीकर | 25.8 |
| दौसा | 25.8 |
| डूंगरपुर | 25.3 |
| चित्तौड़गढ़* | 25.0 |
| पिलानी | 24.7 |
| अजमेर | 24.1 |
| सिरोही | 19.9 (सबसे कम) |

