Rajasthan Weather: 15 अगस्त के बाद फिर सक्रिय होगा मानसून: राजस्थान के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
राजस्थान में मानसून एक बार फिर से सक्रिय होने की संभावना है। जिससे प्रदेश में भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने भविष्यवाणी की है कि 15 अगस्त के बाद राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

बीते कुछ दिनों से राज्य में मानसून की सक्रियता कम होने के कारण अधिकतर जिलों में बारिश की गतिविधियां थमी हुई थीं। लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि यह ठहराव अस्थायी है और स्वतंत्रता दिवस के बाद मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल सकता है। इससे प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। जिससे लोगों को राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, आज बुधवार 13 अगस्त को पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। जिनकी रफ्तार 20-30 किमी/घंटा रहेगी। आकाशीय बिजली की चेतावनी भी जारी की गई है।
पश्चिमी राजस्थान में मौसम ज्यादातर साफ रहने की संभावना है। लेकिन कुछ स्थानों पर आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। और गर्मी व उमस का असर बना रहेगा।
राजस्थान में पहले दौर मानसून में सामान्य से करीब 90 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आ गई। मानसून सीजन में राजस्थान में औसत वर्षा का स्तर 424.71 एमएम रहता है। अब तक 410.92 एमएम बारिश प्रदेश में हो चुकी है। प्रदेश के बांधों की स्थिति की बात करें तो अब तक 271 छोटे तथा मध्यम बांध पूरी तरह भर चुके हैं। वहीं 23 बड़े बांधों में से 8 बांधों पर चादर चल चुकी है। अब तक सबसे ज्यादा वर्षा बारां जिले में हुई है। यहां एक जून से अब तक 1541 एमएम बारिश हो चुकी है। वहीं सीजन में एक दिन में सर्वाधिक वर्षा चित्तौड़गढ़ के बस्सी में हुई है। यहां एक ही दिन में 320 एमएम बारिश हुई थी।

