Rajasthan Weather update : राजस्थान में मानसून की रफ्तार धीमी: पश्चिमी जिलों में गर्मी बढ़ी — 17-18 अगस्त से फिर लौटेगी तेज बारिश
राजस्थान में मानसून फिलहाल सुस्त पड़ गया है, जिससे कई इलाकों में गर्मी दोबारा सताने लगी है। विशेष रूप से पश्चिमी राजस्थान के जिलों श्रीगंगानगर और बीकानेर में तापमान 38 डिग्री तक पहुंच गया है। शनिवार को श्रीगंगानगर में 38.3 डिग्री सेल्सियस और बीकानेर में 38 डिग्री दर्ज किया गया।

राज्य में 10 से 12 अगस्त तक मौसम ज्यादातर साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान बारिश की संभावना बेहद कम है। हालांकि, 13 अगस्त से कोटा, अलवर समेत 9 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
17-18 अगस्त से फिर सक्रिय होगा मानसून
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 17-18 अगस्त से प्रदेश में एक नया वेदर सिस्टम बनने की संभावना है। इसके चलते कई क्षेत्रों में तेज या भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
पश्चिमी राजस्थान में दिन और रात में गर्मी बढ़ी जैसलमेर, बाड़मेर, श्रीगंगानगर, बीकानेर समेत पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में बारिश का दौर थमने के बाद से गर्मी तेज हो गई। शनिवार को सबसे ज्यादा 38.3 डिग्री तापमान श्रीगंगानगर में दर्ज हुआ। बीकानेर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री, जैसलमेर में 37.1 डिग्री, बाड़मेर में 36.6 डिग्री, फलोदी में 36.4 डिग्री, जोधपुर में 34 डिग्री, हनुमानगढ़ में 36.9 डिग्री, चूरू में 34.6 डिग्री, टोंक में 34.2 डिग्री और जयपुर में 32.6 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
अब तक 64 फीसदी ज्यादा बरसात राजस्थान में मानसून के इस सीजन में अब तक 64 फीसदी ज्यादा बरसात हो चुकी है। राज्य में 1 जून से 8 अगस्त तक 261.4MM औसत बरसात होती है, जबकि इस सीजन में अब तक कुल 429.2MM बरसात हो चुकी है।
| क्रम | शहर | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
|---|---|---|---|
| 1 | अजमेर | 32.7 | 24.3 |
| 2 | जयपुर | 32.6 | 27.4 |
| 3 | पिलानी | 32.2 | 24.8 |
| 4 | सीकर | 31.5 | 25.0 |
| 5 | कोटा | 33.8 | 26.8 |
| 6 | उदयपुर | 32.1 | 24.0 |
| 7 | बाड़मेर | 36.6 | 26.8 |
| 8 | जैसलमेर | 37.1 | 25.4 |
| 9 | जोधपुर | 34.0 | 26.0 |
| 10 | बीकानेर | 38.0 | 28.2 |
| 11 | चूरू | 34.6 | 26.4 |
| 12 | गंगानगर | 38.3 | 29.4 |
| 13 | नागौर | 32.7 | 27.9 |
| 14 | जालौर | 34.2 | 26.7 |
| 15 | करौली | 30.9 | 25.2 |
| 16 | दौसा | 31.5 | 27.2 |
| 17 | प्रतापगढ़ | 31.2 | 26.2 |
| 18 | झुंझुनूं | 31.8 | 23.6 |
| 19 | पाली | 32.0 | 24.8 |

