Satya Pal Malik Death News: पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का निधन: लंबे समय से थे बीमार
जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का मंगलवार को लंबी बीमारी के बाद दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में निधन हो गया। उन्होंने दोपहर 1:20 बजे अंतिम सांस ली।

जम्मू-कश्मीर, गोवा, बिहार और मेघालय के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का मंगलवार पांच अगस्त को दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में निधन हो गया। वे 79 वर्ष के थे और लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निजी सचिव केएस राणा ने उनके निधन की पुष्टि की है। मलिक को 11 मई से अस्पताल में भर्ती किया गया था। जहां उनकी हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी।
सत्यपाल मलिक का जन्म 24 जुलाई 1946 को उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के हिसवाड़ा गांव में एक जाट परिवार में हुआ था। उन्होंने मेरठ विश्वविद्यालय से विज्ञान में स्नातक और एलएलबी की डिग्री हासिल की थी। 1968-69 में मेरठ कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष के रूप में उनके राजनीतिक करियर की शुरुआत हुई। वे 1974-77 तक उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे और 1980 से 1989 तक उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य रहे। 1989-91 में जनता दल के टिकट पर अलीगढ़ से लोकसभा सांसद रहे।
मलिक के कार्यकाल के दौरान ही जम्मू-कश्मीर से हटा था आर्टिकल 370
8 जून को सत्यपाल मलिक ने सोशल मीडिया पर अपना हेल्थ अपडेट शेयर किया था। उन्होंने उस पोस्ट में अपनी स्थिति को गंभीर बताया था। उन्होंने कहा था कि वह पिछले महीने से अस्पताल में भर्ती हैं और किडनी से संबंधित बीमारी से जूझ रहे हैं। मलिक अगस्त 2018 से लेकर अक्तूबर 2019 जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल रहे थे। उन्हीं के कार्यकाल के दौरान 5 अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाया गया था और उसका राज्य का दर्जा खत्म कर दिया गया था। गौरतलब है कि आज आर्टिकल 370 हटाने के 6 साल पूरे हुए हैं।

