Congress Councilors Took Out A Rally Against Mayor Kusum: जयपुर नगर निगम हेरिटेज विवाद: कांग्रेसी पार्षदों ने कार्यवाहक मेयर कुसुम यादव के खिलाफ रैली निकाल विरोध जताया
जयपुर नगर निगम हेरिटेज में विवाद दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। सरकारी जमीन पर गलत ढंग से पट्टे जारी करने के बाद जहां स्वायत्त शासन विभाग ने नगर निगम के चार अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया। वहीं, अब कांग्रेसी पार्षदों ने इस पूरे मामले पर कार्यवाहक मेयर कुसुम यादव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

दरअसल, नेहरू नगर पानी पेच में सरकारी जमीन पर गलत ढंग से पट्टे जारी करने के मामले में गुरुवार को नगर निगम हेरिटेज मुख्यालय में 20 से ज्यादा कांग्रेसी पार्षदों ने रैली निकाल मेयर कुसुम यादव के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा- सरकार बार-बार कार्यवाहक मेयर लगाकर लोकतंत्र का अपमान कर रही है। इसलिए जल्द से जल्द मेयर पद पर चुनाव का आयोजन किया जाना चाहिए।
भ्रष्टाचार में मेयर भी शामिल, कांग्रेस पार्षदों का आरोप
कांग्रेसी पार्षद दशरथ सिंह शेखावत ने आरोप लगाया है कि सरकारी जमीन पर 100 करोड़ से अधिक का घोटाला हुआ है, जिसके तहत बुधवार को नगर निगम के चार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही मेयर कुसुम यादव की ओएसडी हंसा मीणा को भी निलंबित कर दिया गया है। शेखावत ने कहा कि इस भ्रष्टाचार में मेयर भी शामिल हैं, लेकिन सरकार भ्रष्ट मेयर को हटाने की बजाय उन्हें पद विस्तार दे रही है। उनका कहना है कि मेयर के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
मेयर पर चुनाव कराने की मांग
शेखावत ने बताया कि नगर निगम में तीन बार से अधिक बार कार्यवाहक मेयर बनाए जाने की स्थिति पूरी तरह गलत है। जनता ने कांग्रेस को बहुमत दिया था, और वर्तमान में भी कांग्रेस के पास नगर निगम हेरिटेज में बहुमत है। इसलिए वे सरकार से मांग करते हैं कि जल्द से जल्द मेयर पद को लेकर चुनाव की अधिसूचना जारी की जाए ताकि जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग कर सकें।
मांग न मानी तो होगा उग्र आंदोलन
उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस पार्टी जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्यरत है और नगर निगम में किसी भी भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि प्रदेश सरकार ने भ्रष्टाचार के मुख्य आरोपी कार्यवाहक मेयर कुसुम यादव को हटाने में असफल रही तो कांग्रेस बड़ा और उग्र आंदोलन करेगी, जिसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी।
काला धन जोड़ने में लगे अधिकारी
कांग्रेसी पार्षद अरविंद अमेठी ने कहा कि नगर निगम में बीजेपी के बोर्ड ने भ्रष्टाचार के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। अधिकारी जनता को लूट कर काला धन इकट्ठा करने में लगे हुए हैं। वहीं सत्ताधारी नेता उन्हें संरक्षण देकर वसूली करवा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले के खिलाफ कांग्रेस ने शांतिपूर्ण रैली निकाली है और सरकार तक अपनी मांग पहुंचाने का प्रयास किया है। यदि समय रहते उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

