Rajasthan Rainfall Flood Update: राजस्थान मौसम अपडेट: झुंझुनूं में मकान ढहा, महिला की मौत: 27 जुलाई से भारी बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने बुधवार को राज्य के 6 जिलों के लिए हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं तेज बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

विभाग ने बताया कि 24 और 25 जुलाई को राज्य का मौसम अधिकांशतः शुष्क (ड्राय) रह सकता है, लेकिन 27 जुलाई से भारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।
झुंझुनूं में बारिश से कच्चा मकान ढहा, महिला की मौत
झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी कस्बे में बुधवार सुबह तेज बारिश के कारण एक पुराना कच्चा मकान ढह गया। यह हादसा बजावा रावतका मोहल्ले में सुबह करीब 5 बजे हुआ। मकान गिरने से अंजू (36) पुत्री बाबूलाल की मलबे में दबने से मौत हो गई, जबकि उसका भांजा मोहित (22) पुत्र अमर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों रिश्ते में मौसी-भांजा हैं और हादसे के वक्त मकान के अंदर सो रहे थे।
बीसलपुर बांध में आया उफान
टोंक जिले के बीसलपुर बांध में पिछले 24 घंटे में 6 सेंटीमीटर पानी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बांध का जलस्तर 315.39 आरएल मीटर पहुंच गया है और संभावना जताई जा रही है कि अगले 1-2 दिनों में बांध के गेट खोले जा सकते हैं।
कई इलाकों में भारी बारिश, रास्ते बंद
मंगलवार को भरतपुर, अलवर, सवाई माधोपुर, करौली सहित कई जिलों में 2 इंच तक बारिश दर्ज की गई।
सवाई माधोपुर-सपोटरा-करौली मार्ग और हाड़ौती-सपोटरा रोड पूरी तरह से बंद हो गए हैं।
भूरी पहाड़ी के पास बनास नदी की पुलिया तेज बहाव में बह गई। अजमेर के अरांई क्षेत्र में बारिश के कारण बनी एक पौंड (तालाब) में दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई।
27 जुलाई से भारी बारिश का नया दौर
मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बन रहा साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम अगले 24 से 36 घंटे में और मजबूत होकर लो-प्रेशर सिस्टम में बदल सकता है। इसके असर से 27 से 30 जुलाई के बीच राजस्थान में व्यापक बारिश की संभावना है।
इस दौरान कोटा संभाग में कहीं-कहीं अतिभारी बारिश और भरतपुर, जयपुर, उदयपुर संभाग में भारी बारिश होने की संभावना है।
22 जुलाई को राजस्थान के प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
|---|---|---|
| अजमेर | 30.6 | 24.3 |
| भीलवाड़ा | 33.7 | 26.6 |
| अलवर | 32.4 | 27.6 |
| जयपुर | 35.0 | 27.6 |
| पिलानी | 34.5 | 26.3 |
| सीकर | 30.8 | 26.8 |
| कोटा | 35.0 | 27.9 |
| चित्तौड़गढ़ | 35.1 | 26.6 |
| उदयपुर | 32.0 | 25.6 |
| बाड़मेर | 36.4 | 27.4 |
| जैसलमेर | 36.5 | 27.4 |
| जोधपुर | 33.5 | 26.5 |
| बीकानेर | 35.5 | 29.0 |
| चूरू | 33.0 | 27.6 |
| गंगानगर | 39.2 | 29.5 |
| नागौर | 32.7 | 27.2 |
| जालौर | 33.7 | 27.1 |
| फतेहपुर | 32.5 | 27.4 |
| करौली | 34.1 | 27.2 |
| दौसा | 33.5 | 27.1 |
| प्रतापगढ़ | 32.0 | 25.4 |
| झुंझुनूं | 33.2 | — |
| पाली | 31.7 | 25.8 |

