Jaipur Dubai SpiceJet Flight Schedule Update: जयपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट शेड्यूल बिगड़ा: दुबई जाने वाली स्पाइसजेट फ्लाइट 7 घंटे लेट, यात्रियों में नाराजगी
जयपुर एयरपोर्ट पर लगातार दूसरे दिन अंतरराष्ट्रीय उड़ान शेड्यूल गड़बड़ा गया। बुधवार को स्पाइसजेट की दुबई जाने वाली फ्लाइट SG-57 को आखिरी समय में रीशेड्यूल कर दिया गया।

फ्लाइट को सुबह 9:30 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन वह 7 घंटे की देरी से शाम 4:35 बजे रवाना हुई। इससे यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।
एयरलाइंस की ओर से बताया गया कि इनकमिंग एयरक्राफ्ट की देरी के कारण यह शेड्यूल बदला गया। हालांकि, अधिकतर यात्रियों को इसकी जानकारी अंतिम समय में दी गई, जिससे वे सुबह 7 बजे से ही एयरपोर्ट पर इंतजार करते नजर आए। इसी तरह, दुबई से जयपुर आने वाली फ्लाइट SG-58 भी तय समय 3:40 बजे के बजाय सुबह 10:05 बजे दुबई से रवाना हुई। यह फ्लाइट अब दोपहर 2:35 बजे जयपुर पहुंचेगी।
बार-बार शेड्यूल बदलने और आखिरी वक्त पर जानकारी मिलने से यात्री नाराज हैं। उन्होंने एयरलाइंस प्रबंधन से भविष्य में बेहतर सूचना और वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है। फिलहाल एयरपोर्ट प्रशासन स्थिति की निगरानी कर रहा है और यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए फ्लाइट शेड्यूल में स्थिरता लाने की कोशिश की जा रही है।

