Jaipur Govind Dev Ji: चांदी के रथ पर विराजे गोविंद देवजी: रथयात्रा महोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब
श्री गोविंद देवजी मंदिर में शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। रथयात्रा महोत्सव के पावन अवसर पर भगवान श्री गोविंद देवजी को चांदी के भव्य रथ पर विराजमान कर मंदिर परिसर में परिक्रमा करवाई गई। इस दिव्य आयोजन में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।

प्रातःकाल मंगला झांकी के दर्शन के साथ महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात ठाकुर श्री गोविंद देवजी का शास्त्रीय वैदिक विधियों से अभिषेक किया गया। भगवान को लाल रंग का विशेष लप्पा जामा वस्त्र पहनाया गया और आकर्षक अलंकारों से श्रृंगारित किया गया।
श्रद्धापूर्वक ठाकुर जी को पांच प्रकार की दालों से भिजौना एवं पांच ऋतुओं के ताजे फलों का भोग अर्पित किया गया। साथ ही मंदिर परिसर में सुबह 6 बजे से गौड़ीय वैष्णव मंडली और मंदिर परिवार की ओर से मंगलाचरण और हरिनाम संकीर्तन किया गया, जिससे सम्पूर्ण वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो उठा। रथयात्रा महोत्सव के मुख्य भाग में महंत अंजन कुमार गोस्वामी ने गौर गोविंद श्री विग्रह को चांदी निर्मित रथ पर विराजित किया। रथयात्रा मंदिर परिसर में चार भव्य परिक्रमा के साथ सम्पन्न हुई। इसके उपरांत गौर गोविंद जी को रथ सहित गर्भगृह में पुनः प्रतिष्ठित किया गया। महोत्सव का समापन धूप आरती एवं दर्शन के साथ हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और ठाकुर श्री जी के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर अपने को कृतार्थ किया।