Rahul Gandhi Birthday: 55 के हुए राहुल गांधी, बोले- जश्न का नहीं: देश के साथ खड़े होने का वक्त है
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज अपना 55वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस नेता को बधाई दी है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 19 जून को अपना 55वां जन्मदिन बेहद सादगी के साथ मनाया. देश में हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले, अहमदाबाद विमान हादसे और उनकी मां सोनिया गांधी के अस्पताल में भर्ती होने के कारण उन्होंने किसी भी तरह के जश्न से दूरी बनाए रखी. राहुल ने पार्टी ऑफिस 24, अकबर रोड पर कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात की लेकिन केक काटने से साफ इंकार कर दिया
राहुल गांधी का जन्म 19 जून, 1970 को नई दिल्ली में हुआ था। वह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की ज्येष्ठ संतान हैं। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश के रायबरेली से लोकसभा सदस्य और नेता प्रतिपक्ष हैं।
राहुल गांधी का सियासी करियर
राहुल गांधी ने 2004 में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की, जब उन्होंने अपने पिता की पारंपरिक सीट उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीते। इसके बाद वह 2009 और 2014 में भी अमेठी से सांसद चुने गए। 2007 में उन्हें कांग्रेस महासचिव नियुक्त किया गया। 2013 में वह कांग्रेस के उपाध्यक्ष बने। 2017 में उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष का पद संभाला, लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद उन्होंने पद छोड़ दिया।
2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी अमेठी सीट से स्मृति ईरानी से हार गए, लेकिन उन्होंने केरल के वायनाड से भी चुनाव लड़ा था और वहां से जीत हासिल की थी। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट और केरल की वायनाड सीट दोनों से जीत हासिल की। उन्होंने रायबरेली सीट को बरकरार रखने का फैसला किया। वायनाड सीट से उनकी बहन और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा सांसद हैं।
सोशल मीडिया पर नेताओं ने दी राहुल गांधी को बधाई
19 जून को कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जन्मदिन है। इस दिन कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ बीजेपी नेताओं ने भी राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह सहित दिग्गज नेता राहुल गांधी को सोशल मीडिया के पोस्ट के माध्यम से जन्मदिन की बधाई देते नजर आ रहे है।