Gold Price Today: इस हफ्ते सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार बढ़ोतरी: गोल्ड ने बनाया नया रिकॉर्ड
इस सप्ताह सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के अनुसार, पिछले शनिवार यानी 7 जून को 24 कैरेट सोना 97,145 रुपए प्रति 10 ग्राम था।

जो 14 जून को बढ़कर 99,058 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। यानी एक हफ्ते में सोने की कीमत में 1,913 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। इस दौरान 13 जून को सोने ने 99,170 रुपए प्रति 10 ग्राम का ऑल टाइम हाई भी बनाया था।
चांदी की कीमतों में भी तेजी
अगर चांदी की बात करें, तो 7 जून को यह 1,05,285 रुपए प्रति किलोग्राम थी, जो अब 1,06,167 रुपए प्रति किलो हो गई है। इस तरह चांदी की कीमत में एक सप्ताह में 882 रुपए का इजाफा हुआ। वहीं 10 जून को चांदी ने 1,07,000 रुपए प्रति किलो का ऑल टाइम हाई छुआ था।
इस साल अब तक ₹22,896 महंगा हुआ सोना
1 जनवरी 2025 को 24 कैरेट सोने का भाव 76,162 रुपए प्रति 10 ग्राम था, जो अब तक 22,896 रुपए बढ़कर 99,058 रुपए हो चुका है।
वहीं चांदी भी 86,017 रुपए प्रति किलो से 20,150 रुपए बढ़कर 1,06,167 रुपए प्रति किलो पहुंच चुकी है।
तुलना करें तो पिछले साल 2024 में सोना पूरे साल में केवल 12,810 रुपए ही महंगा हुआ था।
इस साल ₹1 लाख 3 हजार तक जा सकता है सोना
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया कहते हैं कि जियो पॉलिटिकल टेंशन बने हुए हैं। इससे गोल्ड को सपोर्ट मिल रहा है। इससे गोल्ड की डिमांड बढ़ रही है। ऐसे में इस साल सोना 1 लाख 3 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है।
हालांकि, आगे जियो पॉलिटिकल टेंशन कम होने के आसार हैं। इससे चांदी की इंडस्ट्रियल डिमांड बढ़ेगी। इससे चांदी इस साल 1 लाख 30 हजार रुपए तक जा सकती है।
सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें
हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। सोने पर 6 अंकों का हॉलमार्क कोड रहता है। इसे हॉलमार्क यूनीक आइडेंटिफिकेशन नंबर यानी HUID कहते हैं। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह होता है- AZ4524। हॉलमार्किंग के जरिए ये पता करना संभव है कि कोई सोना कितने कैरेट का है।