Gold Price Today: सोने-चांदी के दामों में जबरदस्त उछाल: जानें क्या हैं आज के रेट
12 जून 2025, नई दिल्ली: सोने-चांदी की कीमतों में आज जबरदस्त उछाल देखा गया है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, सोना ₹929 महंगा होकर ₹97,164 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। इससे पहले यह ₹96,235 प्रति 10 ग्राम था।

वहीं चांदी की कीमत ₹454 बढ़कर ₹1,05,948 प्रति किलो हो गई है। कल यानी 11 जून को यह ₹1,05,494 प्रति किलो थी। गौरतलब है कि 10 जून को चांदी ने ₹1,07,000 प्रति किलो और 21 अप्रैल को सोने ने ₹99,100 प्रति 10 ग्राम का ऑल टाइम हाई बनाया था।
सोने में अब तक ₹21,000 की बढ़ोतरी
इस साल की शुरुआत यानी 1 जनवरी 2025 को 24 कैरेट सोना ₹76,162 प्रति 10 ग्राम था। तब से लेकर अब तक इसमें ₹21,002 की बढ़ोतरी हो चुकी है और यह ₹97,164 तक पहुंच गया है। वहीं, चांदी भी ₹86,017 प्रति किलो से बढ़कर अब तक ₹1,05,948 प्रति किलो पर पहुंच चुकी है। यानी चांदी में भी ₹19,931 की वृद्धि दर्ज की गई है। 2024 में पूरे साल के दौरान सोना ₹12,810 महंगा हुआ था, लेकिन 2025 में आधे साल में ही यह आंकड़ा पार हो चुका है। केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया के मुताबिक, मौजूदा जियोपॉलिटिकल टेंशन के चलते गोल्ड की मांग बढ़ रही है, जिससे कीमतों को मजबूती मिल रही है। उनका अनुमान है कि साल के अंत तक सोना ₹1,03,000 प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि अगर वैश्विक तनाव कम होता है, तो चांदी की इंडस्ट्रियल डिमांड में वृद्धि होगी और इसके चलते चांदी ₹1,30,000 प्रति किलो तक जा सकती है।
सिर्फ BIS हॉलमार्क वाला गोल्ड ही खरीदें
विशेषज्ञों की सलाह है कि ग्राहक केवल BIS हॉलमार्क युक्त सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। हॉलमार्क कोड 6 अंकों का होता है, जिसे हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन नंबर (HUID) कहते हैं। यह अल्फान्यूमेरिक होता है, जैसे – AZ4524। इसके जरिए सोने की शुद्धता और कैरेट की जानकारी मिलती है।